Wednesday, November 18, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम 21 नवंबर को

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम 21 नवंबर को

हाथरस। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आगामी 21 नवंबर को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित एवं गरिमामयी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। इसके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानजनक वातावरण में कराया जाता है। उन्होंने पात्र लाभार्थियों का चयन शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार पूरी पारदर्शिता से करने तथा उनके अभिलेखों एवं पात्रता का समय से सत्यापन कराने को कहा।
उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर विवाह मंडप, पंडाल, मंच, बैठने, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, शौचालय, भोजन, जलपान, साज-सज्जा, पार्किंग एवं यातायात की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही वर-वधू एवं उनके परिजनों के आगमन, पंजीकरण और विवाह की रस्मों को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं करने को कहा।
जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था, स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सकीय टीम और प्राथमिक उपचार, नगर निकाय एवं पंचायतीराज विभाग को साफ-सफाई तथा पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समाज कल्याण विभाग को लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने और समय से वितरण कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।