हाथरस। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति एवं पर्यावरण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व में कराए गए पौधरोपण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पौधरोपण स्थलों का सत्यापन शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी वर्ष 2027 में होने वाले वृक्षारोपण अभियान के लिए अभी से उपयुक्त स्थलों का चयन कर लिया जाए, जिससे समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा सकें।
जिलाधिकारी ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को हरित क्षेत्र के विकास, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त वातावरण बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी सभी विभागों की है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बैठक में जिला गंगा समिति के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप सभी कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रभागीय वनाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Jansaamna