सासनी, हाथरस। जल ही जीवन है, जल है तो कल है। इसलिए सुरक्षित जीवन के लिए न सिर्फ जल को संरक्षित करना जरूरी है, बल्कि जल को बर्बादी से बचाना भी बहुत आवश्यक है। परंतु शहर में नगर पंचायत और प्रशासनिक लापरवाही के चलते शिकायतों के बावजूद नानऊ रोड पर जलभराव की स्थिति जस कि तस बनी हुई है।
बता दें कि आशानगर में स्थित बडी दरगाह पर लगने वाले चार रोजा उर्स के पहले भी इस शिकायत को समाचारपत्रों के माध्यम तथा मौखिक और लिखित रूप से अफसरों से की थी। मगर किसी के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। यही जलभराव अब लोगों के लिए जानलेवा सिद्ध न हो जाए। इसे लेकर लोगों को भय सता रहा है। लोगों ने बताया कि यासीन होटल के पास वाटर सप्लाई की पाइप लाइन के फटने के कारण पाइप लाइन में बहने वाला जल प्रदूषित होकर घरों में पहुँच कर लोगों के स्वास्थ्य को खतरा बन गया है। ऐसी बात भी नहीं कि विभागीय अधिकारी इस समस्या से अनभिज्ञ हैं। लोगों ने बताया कि करीब एक वर्ष से इस समस्या की शिकायत संबंधित कार्यालय में कई बार की जा चुकी है। परंतु किसी ने भी इसे गंभीरता से नहीं लिया। परिणाम स्वरूप आज भी ये समस्या जस की तस बनी हुई है और यहाँ के निवासी असमय बीमारियों के शिकार हो रहे हैं। यहाँ के निवासियों ने शीघ्र इस समस्या के निदान करने की मांग की है। समस्या का समाधान शीघ्र न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। जिसकी जिम्मेदारी अफसरां की होगी।
Jansaamna