शिकोहाबाद। विकासखंड के ग्राम पंचायत असुआ में ‘विकसित कृषि संकल्प योजना 2025’ के अंतर्गत किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस योजना का उद्देश्य किसानों को सशक्त बनाना और उनकी समस्याओं का समाधान करना है। उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही के निर्देशन में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लैब टू लैंड मॉडल के तहत किसानों तक सीधी पहुंच बनाकर उनके मुद्दों को समझा गया और मौके पर ही समाधान भी किया गया।गोष्ठी में कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और वैज्ञानिकों ने भाग लिया, जिनमें डॉ. आर.बी. मीणा, डॉ. ओमकार सिंह यादव, डॉ. नरेश कुमार, राजेश कुमार, बृजेश कुमार, प्रशांत कुमार और एडीओ महेन्द्र सिंह सेंगर प्रमुख रूप से शामिल रहे। इन अधिकारियों ने गांव में उपस्थित किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और उनकी समस्याओं को सुना।
इंडियन करियर कम्प्यूटर एजुकेशन सेंटर पर व्यक्तित्व विकास कार्यशाला का आयोजन
फिरोजाबाद। इंडियन करियर कंप्यूटर एजुकेशन सेंटर पर व्यक्तित्व विकास विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें नगर के युवाओं को उनके व्यक्तित्व को निखारने के लिए प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला में मुख्य वक्ता प्रवीण अग्रवाल और पीयूष अग्रवाल ने युवाओं को जीवन में व्यक्तित्व के महत्व को रोचक उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने बताया कि एक अच्छा श्रोता बनना, सौम्य स्वभाव अपनाना और दूसरों की बुराई से बचना जैसे गुण किसी भी व्यक्ति के व्यक्तित्व को प्रभावशाली बनाते हैं। साथ ही, उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि अच्छे व्यक्तित्व के लिए केवल व्यवहार ही नहीं, बल्कि पहनावा, बोलचाल और समय प्रबंधन जैसी सामान्य आदतें भी बेहद आवश्यक हैं।
नगला रानी में बौद्ध भिक्षु सम्मेलन संपन्न
हाथरस। मेण्डू रोड स्थित नगला रानी में बौद्ध भिक्षु सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में बौद्ध भिक्षुओं ने भाग लिया और सत्संग व प्रवचन के माध्यम से बौद्ध धर्म के सिद्धांतों और जीवन मूल्यों पर प्रकाश डाला। सम्मेलन के दौरान नगला रानी आगमन पर बौद्ध भिक्षुओं का भव्य स्वागत किया गया। उन्हें माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया और भोजन प्रसादी की व्यवस्था भी की गई। इस अवसर पर समाज के कई दानदाताओं ने बढ़-चढ़कर दान दिया। कार्यक्रम के संयोजन में समाजसेवियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कब्रिस्तान पर कब्जे को लेकर जिलाधिकारी को दिया शिकायती पत्र
⇒ शिकायती पत्र के आधार पर जिलाधिकारी ने दिए कार्रवाई के आदेश
कानपुर: अवनीश सिंह। नगर के जाजमऊ थाना क्षेत्र अंतर्गत वाजिदपुर में कब्रिस्तान में भू माफियाओं द्वारा कब्जा किए जाने के संबंध में जाजमऊ निवासी मुशर्रत अली ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया।
पीड़ित ने बताया कि वाजिदपुर के हाजी मकदूम अली शाह दरगाह के पास 13 छ आराजी संख्या जो कब्रिस्तान के नाम पर दर्ज है। जिसको लेकर न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। वह 3 पीढ़ियों से उक्त कब्रिस्तान के तकियेदार है जिस पर स्थानीय भू माफियाओं द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
पीड़ित ने बताया कि राजस्व द्वारा जांच में भी उक्त जमीन कब्रिस्तान की बताई गई है।
सरकारी तालाब पर अतिक्रमण करने की जिलाधिकारी से की शिकायत
⇒ जिलाधिकारी ने दिए सख्त कार्रवाई के आदेश
कानपुरः अवनीश सिंह। योगी सरकार द्वारा प्रदेश के तालाबों को अतिक्रमण मुक्त करने के सख्त निर्देश दिए जाने के बाद भी भू माफिया अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं।
सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय में सैकड़ों की संख्या में लोग तालाब में भू माफियाओं द्वारा कब्जा किए जाने को लेकर शिकायती पत्र देने पहुंचे।
पूरा मामला बर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्रही रोड हरदेव नगर का है। स्थानीय लोगों के बताया कि हरदेव नगर स्थित ग्राम जरौली की आराजी संख्या 352 जो कि तालाब के रूप में अभिलेखों में दर्ज है। राजस्व विभाग,कानपुर विकास प्राधिकरण और स्थानीय बर्रा थाना पुलिस की लापरवाही से दबंगों द्वारा तालाब की भूमि पर कब्जा किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने तालाब के अस्तित्व को बचाने की मांग करते हुए डीएम से अवैध कब्जों को रोकने की मांग की। दबंगों द्वारा तालाब की भूमि पर मिट्टी भराव कर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। भू-माफिया की नजर ग्राम जरौली स्थित तालाब की भूमि पर पड़ गई है।
व्यापारियों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा
फिरोजाबाद। फिरोजाबाद उद्योग व्यापार मंडल पंजी के महानगर अध्यक्ष अंबेश शर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में उप जिलाधिकारी से मुलाकात की और व्यापारियों की समस्याओं को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम संबोधित 14 सूत्री ज्ञापन सौंपा। महानगर अध्यक्ष अंबेश शर्मा ने ज्ञापन में बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग द्वारा सैंपलिंग के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग आज भी पुराने कानूनों के तहत कार्रवाई कर रहा है, जबकि वर्तमान में किसानों द्वारा खेतों में रसायनों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे खाद्य पदार्थों में मिलावट की संभावनाएं बढ़ गई हैं।
लक्ष्मी हॉस्पिटल में अत्याधुनिक आई.सी.यू. यूनिट का महापौर ने किया शुभारंभ
फिरोजाबाद। शहर के प्रतिष्ठित लक्ष्मी हॉस्पिटल में गंभीर मरीजों के उपचार के लिए अत्याधुनिक आई.सी.यू. यूनिट का शुभारंभ महापौर कामिनी राठौर एवं संस्था की अध्यक्षा लक्ष्मी सिकरवार ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर महापौर कामिनी राठौर ने कहा कि लक्ष्मी हॉस्पिटल द्वारा स्थापित यह आई.सी.यू. यूनिट शहरवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल गंभीर रोगियों को त्वरित और आधुनिक उपचार मिलेगा, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। संस्था के सचिव रोहित सिकरवार ने जानकारी दी कि यह आई.सी.यू. यूनिट विशेष रूप से गंभीर मरीजों के लिए बनाई गई है। इसमें प्रशिक्षित चिकित्सकों की एक टीम चौबीसों घंटे सेवा के लिए उपलब्ध रहेगी। इस शुभारंभ अवसर पर शहर के गणमान्य नागरिक, चिकित्सक और हॉस्पिटल स्टाफ मौजूद रहे।
घरेलू गैस सिलेंडर जनजागरूकता अभियान की जिले में शुरुआत
चंदौली। घरेलू गैस सिलेंडर जनजागरूकता अभियान एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन है, जिसका मुख्य उद्देश्य ग्राहकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है, ऐसा संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन सोलंके ने बताया। यह अभियान देश के 15 राज्यों के 275 जिलों में 2700 स्वयंसेवकों के साथ दिनांक 10 मई से (45 दिनों तक) चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत सभी होटल, रेस्टोरेंट, फैक्ट्री आदि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में जाकर, उन्हें सार्वजनिक सूचना पत्र/जानकारी पत्रक देकर यह बताया जाएगा कि 14.2 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में उपयोग नहीं करना चाहिए। साथ ही, उन्होंने बताया कि ऑटो रिक्शा और एल.पी.जी. वाहनों में भी घरेलू गैस सिलेंडर का अवैध रूप से उपयोग हो रहा है, जिससे देश में हर साल लगभग 1000 विस्फोट होते हैं और जान-माल की हानि होती है। साथ ही सरकारी राजस्व को भी भारी नुकसान पहुंचता है।
विश्व पर्यावरण दिवस पखवाड़ा 2025: आगरा मंडल द्वारा “प्लास्टिक प्रदूषण समाप्त करें” थीम पर चलाया जा रहा अभियान
आगरा/मथुरा। मंडल रेल प्रबंधक आगरा तेज प्रकाश अग्रवाल के मार्गदर्शन में आगरा मंडल में 22 मई से 5 जून 2025 तक “विश्व पर्यावरण दिवस पखवाड़ा” मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम “एंड प्लास्टिक पॉल्यूशन” (प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करें) निर्धारित की गई है। इस अभियान के अंतर्गत आगरा कैंट, मथुरा जंक्शन, आगरा किला, ईदगाह जंक्शन, राजा की मंडी और धौलपुर स्टेशनों पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के कार्मिक विभाग द्वारा सहायक कार्मिक अधिकारी अरविन्द कुमार के नेतृत्व में दोपहर 3:30 बजे तीन हिंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
काव्य गोष्ठी का हुआ आयोजन
सलोन, रायबरेली। “बज़्मे हयाते अदब” किठावां, सलोन, रायबरेली के तत्वावधान में एक भव्य काव्य गोष्ठी का आयोजन मुख्य अतिथि खादिम शब्बीर नक़वी नसीराबादी के सम्मान में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आचार्य अनीस देहाती ने की जबकि संचालन क़ासिम हुनर सलोनी ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि खादिम शब्बीर नक़वी की शालपोशी की गई। गोष्ठी में तरह का मिसरा था: दुनिया पे अपने आपको शैदा न कीजिए। कवियों और शायरों ने इस मिसरे पर आधारित चुनिंदा शेर पेश किए, जिन्हें खूब सराहना मिली।