आगरा/मथुरा। अंतर्राष्ट्रीय रेल समपार जागरूकता दिवस (ILCAD) के अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे द्वारा समपार सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए विशेष संरक्षा जागरूकता मोबाइल वीडियो वैन चलाई जा रही है। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक उपेंद्र चंद्र जोशी ने प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी एवं अन्य विभागाध्यक्षों के साथ इस वैन को रेलवे मुख्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह मोबाइल वैन समपार सुरक्षा से संबंधित जानकारी को जनसामान्य तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। वैन में तैनात सेफ्टी काउंसलर विभिन्न स्तरों पर लोगों को जागरूक करने के लिए पैम्फलेट, पोस्टर और स्टिकर वितरित कर रहे हैं। साथ ही ऑडियो-विजुअल के माध्यम से भी लोगों को समझाया जा रहा है कि रेल क्रॉसिंग पर सतर्कता क्यों आवश्यक है। मिढ़ाकुर, किरावली जैसे इलाकों के साथ, मंडल रेल प्रबंधक तेज प्रकाश अग्रवाल के मार्गदर्शन में यह वैन फतेहपुर सीकरी – बंधबरेठा रेलखंड के रूपवास स्टेशन, समपार फाटक संख्या 29, बंसी पहाड़पुर स्टेशन, समपार संख्या 24, धाना खेडली, कनवा गांव, नगला का मिर्जा चौराहा, समपार फाटक संख्या 39, फतेहपुर सीकरी स्टेशन और समपार फाटक संख्या 40 तक पहुंची और वहां पर जनजागरूकता अभियान चलाया गया। यह वैन आगामी 45 दिनों तक उत्तर मध्य रेलवे के विभिन्न प्रमुख स्थानों, स्कूलों, गांवों, पंचायतों, तहसीलों एवं बाजारों में पहुंचकर समपारों से संबंधित सुरक्षा नियमों की जानकारी देगी। इस दौरान ‘लेवल क्रॉसिंग को सुरक्षित तरीके से पार करना’, ‘ट्रैक पर मवेशी ना ले जाना’, ‘फुटबोर्ड या ट्रेन की छत पर सफर ना करना’, ‘यात्रा के दौरान अजनबियों से खाने-पीने की चीजें ना लेना’, ‘ट्रेन में ज्वलनशील वस्तुएं नहीं ले जाना’ जैसे विषयों पर लघु फिल्मों के माध्यम से जागरूकता फैलाई जा रही है।
Home » मुख्य समाचार » अंतर्राष्ट्रीय रेल समपार जागरूकता दिवस पर फतेहपुर सीकरी – बंधबरेठा के मध्य चला संरक्षा जागरूकता अभियान
Jansaamna