Thursday, April 23, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » अटल पार्क में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया योगाभ्यास

अटल पार्क में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया योगाभ्यास

फिरोजाबाद। 21 जून को मनाए जाने वाले विश्व योग दिवस को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में रविवार को योग सप्ताह का शुभारंभ शहर के अटल पार्क में विशेष योग शिविर के साथ किया गया। इस शिविर में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और नगरवासियों ने मिलकर सामूहिक योगाभ्यास किया। योग शिविर में मेयर कामिनी राठौर, नगर विधायक मनीष असीजा, गो सेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य सहित अन्य अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। शिविर के दौरान रमाकांत उपाध्याय ने कहा कि योग को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखता है। विधायक मनीष असीजा ने कहा कि योग केवल 21 जून के लिए नहीं, बल्कि जीवनभर के लिए अपनाया जाना चाहिए। शरीर के प्रति लापरवाही गंभीर परिणाम ला सकती है। सीडीओ शत्रोहन वैश्य ने अटल पार्क में की गई व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि यहां की हरियाली और सुविधाएं लोगों को नियमित योग के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने बताया कि भारी संख्या में लोगों ने योग में भागीदारी की, जो स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता का संकेत है। इस योगाभ्यास में शहर के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।