⇒ जिलाधिकारी ने दिए सख्त कार्रवाई के आदेश
कानपुरः अवनीश सिंह। योगी सरकार द्वारा प्रदेश के तालाबों को अतिक्रमण मुक्त करने के सख्त निर्देश दिए जाने के बाद भी भू माफिया अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं।
सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय में सैकड़ों की संख्या में लोग तालाब में भू माफियाओं द्वारा कब्जा किए जाने को लेकर शिकायती पत्र देने पहुंचे।
पूरा मामला बर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्रही रोड हरदेव नगर का है। स्थानीय लोगों के बताया कि हरदेव नगर स्थित ग्राम जरौली की आराजी संख्या 352 जो कि तालाब के रूप में अभिलेखों में दर्ज है। राजस्व विभाग,कानपुर विकास प्राधिकरण और स्थानीय बर्रा थाना पुलिस की लापरवाही से दबंगों द्वारा तालाब की भूमि पर कब्जा किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने तालाब के अस्तित्व को बचाने की मांग करते हुए डीएम से अवैध कब्जों को रोकने की मांग की। दबंगों द्वारा तालाब की भूमि पर मिट्टी भराव कर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। भू-माफिया की नजर ग्राम जरौली स्थित तालाब की भूमि पर पड़ गई है। तालाब में लगातार भराव होने के चलते थोड़ी सी बारिश भी स्थानीय लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर देती है। पानी निकासी न होने के चलते तालाब के आसपास की गलियों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है
कई बार कानपुर विकास प्राधिकरण, एसडीएम, तहसीलदार सहित पुलिस विभाग के चक्कर काटे परंतु उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। अब स्थानीय लोगों ने मामले की शिकायत डीएम से की है। आरोप है कि जिम्मेदार इस समस्या से अनभिज्ञ होकर तालाब पर पूरी तरह कब्जा होने का इंतजार कर रहे हैं।
स्थानीय निवासी विष्णु कुशवाहा ने बताया कि जरौली निवासी छोटे पाल और उसके सहयोगी सरकारी तालाब पर दबंगई से कब्जा कर रहे हैं। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। जिसको लेकर क्षेत्रीय लोगों के द्वारा जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायती पत्र दिया गया। जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि उक्त प्रकरण में केडीए को जांच के सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
केडीए वीसी ने जानकारी दी कि ध्वस्तीकरण का आदेश पहले ही दिए जा चुके हैं। स्थानीय थाना पुलिस द्वारा पुलिस बल न दिए जाने के चलते कार्यवाही नहीं हो सकी थी। जल्द से जल्द भू माफियाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
Jansaamna