फिरोजाबाद। जिले के मक्खनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस भर्ती के नाम पर 24 युवाओं से करीब 1.56 करोड़ रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मुख्य आरोपी गंगादत्त, उसकी पत्नी नीलम देवी और एक अन्य व्यक्ति प्रमोद कुमार शामिल हैं। गांव अरमराजट्ट निवासी राकेश कुमार ने इस मामले में एसएसपी सौरभ दीक्षित को एक प्रार्थना पत्र सौंपा था, जिसके आधार पर सीओ शिकोहाबाद प्रवीण कुमार तिवारी ने जांच शुरू की। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर 24 युवक-युवतियों से करोड़ों रुपये की वसूली की है। शिकायतकर्ता राकेश कुमार ने बताया कि उसकी मुलाकात जनपद औरैया के एरवा कटरा निवासी प्रमोद कुमार के यहां आरोपी दंपती गंगादत्त और नीलम देवी से हुई थी। दंपती ने खुद को उच्च अधिकारियों से संपर्क में बताया और पुलिस विभाग में भर्ती दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने एक पुलिस भर्ती विज्ञापन दिखाया, जिसमें बताया गया कि 386 पदों में से 361 पद सिपाही के हैं। उनकी बातों में आकर राकेश ने अपने परिवार, रिश्तेदारों और एनजीओ स्टाफ के 24 युवाओं के फॉर्म भरवाए। एक वर्ष की अवधि में इन लोगों से कुल 1.56 करोड़ रुपये की राशि ऐंठ ली गई। बाद में युवाओं को प्रशिक्षण के नाम पर झांसी से इटावा भेजा गया, जहां उन्हें ठगी का अहसास हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों को जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस इस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और अन्य संभावित पीड़ितों की पहचान भी की जा रही है।
Home » मुख्य समाचार » पुलिस भर्ती के नाम पर ठगी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, 24 युवाओं से 1.56 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी
Jansaamna