◊ डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत महापुरुषों एवं समाज सुधारकों की मूर्तियों का होगा कायाकल्प
◊ मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से दिलाई संविधान की शपथ, जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजित हुए कार्यक्रम
कानपुर: जन सामना ब्यूरो। संविधान दिवस के अवसर पर डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत कानपुर नगर में 88 स्थलों पर महापुरुषों, समाज सुधारकों, सामाजिक न्याय के प्रणेता तथा सांस्कृतिक विभूतियों की मूर्तियों की सुरक्षा, सुदृढ़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया। प्रदेश सरकार की इस पहल से महापुरुषों की स्मृतियों को संरक्षित करने के साथ मूर्ति स्थलों को सुव्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में योजना के अंतर्गत विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेशभर में आयोजित कार्यक्रमों में उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलाई। कानपुर नगर के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में भी जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कल्यानपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ख्योरा में विधायक नीलिमा कटियार की उपस्थिति में डॉ. बीआर आंबेडकर की मूर्ति का शिलान्यास किया गया। इसके अतिरिक्त कल्यानपुर विधानसभा क्षेत्र के अन्य 8 मूर्ति स्थलों पर भी विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेन्द्र कुमार गौतम ने बताया कि शासन द्वारा 9 अप्रैल 2026 को जारी शासनादेश के क्रम में डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत महापुरुषों एवं समाज सुधारकों की मूर्तियों की सुरक्षा, सुदृढ़ीकरण तथा सौंदर्यीकरण की पहल की गई है। जनप्रतिनिधियों द्वारा विधानसभा क्षेत्रवार प्रस्तावित स्थलों को योजना के अंतर्गत शामिल किया गया है।
योजना के माध्यम से सामाजिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही महापुरुषों के विचारों, आदर्शों एवं समाज के प्रति उनके योगदान से नई पीढ़ी को परिचित कराने में भी सहायता मिलेगी।
जनपद के विभिन्न स्थलों पर आयोजित शिलान्यास कार्यक्रमों में बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा, गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी, कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, जिला स्तरीय अधिकारियों एवं स्थानीय लोगों ने प्रतिभाग किया।

Jansaamna