Friday, November 27, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » संविधान दिवस पर विद्यालयों में गूंजा संविधान की प्रस्तावना का पाठ

संविधान दिवस पर विद्यालयों में गूंजा संविधान की प्रस्तावना का पाठ

◊ 1.45 लाख विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया गया पुरस्कृत
◊ 28 नवंबर को ई-चालानों के निस्तारण के लिए विशेष लोक अदालत, घर बैठे भी कर सकेंगे भुगतान
कानपुर: जन सामना ब्यूरो। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को नगर के 723 विद्यालयों में संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया गया और विद्यार्थियों को मौलिक कर्तव्यों की शपथ दिलाई गई। इस अभियान में करीब 1.45 लाख छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान प्रश्नोत्तरी, निबंध, भाषण, रंगोली और नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव सुदेश कुमारी ने बताया कि जनपद न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष अनमोल पाल की अध्यक्षता में विधिक साक्षरता क्लबों के माध्यम से विद्यालयों में संविधान संवाद और संवैधानिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य कार्यक्रम बीएनएसडी इंटर कॉलेज, चुन्नीगंज में हुआ, जहां सुबह 8रू55 बजे विद्यार्थियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया। जनपद न्यायालय परिसर सहित जिला कारागार, राजकीय बाल गृहों और सम्प्रेक्षण गृह में भी प्रस्तावना का पाठ एवं मौलिक कर्तव्यों की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के बाद अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अनुश्रवण समिति की अध्यक्ष शुचि श्रीवास्तव के नेतृत्व में विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थाओं का निरीक्षण किया गया। इस दौरान न्यायिक अधिकारी और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी मौजूद रहे।
28 नवंबर को विशेष लोक अदालत
इसी क्रम में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं राष्ट्रीय लोक अदालत की नोडल अधिकारी रश्मि सिंह ने बताया कि 28 नवंबर (शनिवार) को मोटर वाहन अधिनियम के तहत लंबित ई-चालानों के निस्तारण के लिए विशेष लोक अदालत आयोजित की जाएगी। यह आयोजन इलाहाबाद हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल के निर्देश पर किया जा रहा है।
प्राधिकरण की सचिव सुदेश कुमारी ने बताया कि ई-चालानों के भुगतान के लिए संबंधित पक्षकारों को ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। क्यूआर कोड स्कैन कर निर्धारित पोर्टल के माध्यम से घर बैठे भुगतान किया जा सकेगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि विशेष लोक अदालत का लाभ उठाकर अपने लंबित ई-चालानों का निस्तारण कराएं।