Sunday, May 5, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » एआरटीओ कार्यालय पर भाकियू ने किया प्रदर्शन

एआरटीओ कार्यालय पर भाकियू ने किया प्रदर्शन

⇒किसान संगठन का आरोप दलालों को मिला है अधिकारियों का संरक्षण
मथुरा। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के कार्यकर्ताओं ने एआरटीओ कार्यालय पर प्रदर्शन किया। तालाबंदी कर कार्यकर्ता मुख्यगेट पर बैठ गए और हुक्का गुडगुडाया। कार्यकर्ता टोपी पहनकर हाथों में झंडे लेकर एआरटीओ कार्यालय पहुंचे थे। यहां पर नारेबाजी कर कार्यालय के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर दी। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व शमशेर सिंह ने किया तथा संचालन महानगर अध्यक्ष पवन चतुर्वेदी ने किया। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह चिरौली, निवर्तमान जिला अध्यक्ष देवेंद्र कुमार रघुवंशी, महानगर अध्यक्ष पवन चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से का कहा कि एआरटीओ कार्यालय दलाली का अड्डा बन गया है। यहां पर कोई भी काम बिना सुविधा शुल्क दिये नहीं होता है। कार्यालय के बाहर दलालों का अड्डा बना हुआ है, ये दलान कार्यालय के कर्मचारी और अधिकारियों की मिली भगत से काम करते हैं। सीधे किसी का काम आसानी से होता नहीं है, वहीं इन दलालों के माध्यम से बिना किसी रूकावट के काम हो जाता है। अधिकारी भी मीनमेख नहीं निकालते हैं। अपना काम सीधे नहीं होते देख लोग इन दलालों की शरण लेते हैं। दलालों की कमाई में से कमीशन कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारियों को भी पहुंचता है। किसानों के ट्रैक्टरों का दस हजार से लेकर अस्सी हजार तक का चालान काटा गया है। किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है लेकिन अधिकारी कुंभकरण की नींद सोए हुए हैं। ऑटो, ई रिक्शा के भी हजारों रुपये के चालान काटे जा रहे हैं। जिससे गरीबों का जीना मुश्किल हो गया है। एआरटीओ कार्यालय के अधिकारी किसानों के ट्रैक्टरों का चालान काटना बंद करें। अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाएं नहीं तो भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ एक बड़ा आंदोलन मथुरा एआरटीओ दफ्तर पर किया जाएगा। इस दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मनमारी जारी रही तो किसानों का धरना अनिश्चितकालीन चलेगा जिसकी सारी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। इस मौके पर प्रमुख रूप से निवर्तमान जिला अध्यक्ष राकेश चौधरी, किसान नेता राजवीर नेताजी, मोनू पंडित, रहीस कुरेशी, फैजान कुरैशी, अरमान, सोयव, आदि मौजूद रहे।