Friday, September 20, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » प्रभारी मंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा

प्रभारी मंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा

मथुराः श्याम बिहारी भार्गव। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभारी बेसिक शिक्षा विभाग एवं प्रभारी मंत्री संदीप सिंह ने यमुना जल स्तर बढ़ने के दृष्टिगत जिलाधिकारी पुलकित खरे, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व योगानन्द पाण्डेय, उप जिलाधिकारी सदर अजय जैन सहित अन्य अधिकारियों के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्र जयसिंहपुर का जायजा लिया। मंत्री ने स्टीमर के माध्यम से यमुना का भ्रमण कर रिहायशी इलाकों को देखा। मंत्री ने आव्हान करते हुए लोगों से कहा कि जो लोग घर में है, वे जिला प्रशासन द्वारा बनाये गये राहत कैम्पों पर पहुचें क्योंकि पानी बढ़ने पर कोई जनहानि हो सकती है। जीवन बहुत अनमोल है इसलिए हमें अपने बाढ़ प्रभावित घर छोड़कर राहत कैंपों में शीघ्र आ जाना चाहिए। आप सभी लोग राहत कैम्पों पर जाएं, वहां जिला प्रशासन ने खाने, पीने, विद्युत, स्वास्थ्य, पेयजल आदि सहित जरूरतमंद की सभी व्यवस्था कर रखी हैं। आप लोगों से अनुरोध है कि कोई भी व्यक्ति घरों में न रहे, राहत कैंपों पर चले जायें। प्रभारी मंत्री संदीप सिंह, जिलाधिकारी पुलकित खरे, नगर आयुक्त अनुनय झा तथा अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व योगानन्द पाण्डेय ने राहत कैंप बिरला मन्दिर आश्रम में बाढ़ प्रभावित महिलाओं को महिला सम्मान किट वितरण कीं, जिसमें 20 सैनिटरी पैड, दो साबुन, साबुन कपड़ा धोने के, उक तौलिया, एक मीटर सूती कपड़ा, 200 डिस्पोजल बैग तथा एक मग दिया गया। इसी क्रम में कैम्प में उपस्थित बाढ़ प्रभावित लोगों को सूखा राशन किट दी, जिसमें पांच किग्रा लाई, दो किलो भुना चना, एक किलो गुड, 10 पैकेट बिस्कुट, एक पैकेट माचिस, एक पैकेट मोमबत्ती, दो नहाने के साबुन, 20 लीटर जेरीकेन, एक तिरपाल आदि दिया गया। इसके साथ साथ 10 किलो आटा, 10 किलो चावल, दो किलो अरहर दाल, 10 किलो आलू, 200 ग्राम हल्दी, 100 ग्राम मिर्च, 200 ग्राम सब्जी मसाला, एक लीटर सरसों का तेल तथा एक किलो नमक का वितरण किया गया। मंत्री ने जिलाधिकारी पुलकित खरे के साथ बिरला मंदिर आश्रम में रह रहे लोगों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया, सभी कमरों में जाकर लोगों से वार्ता की तथा उनके स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की। मंत्री ने जिलाधिकारी पुलकित खरे के साथ बिरला मंदिर आश्रम के कार्यक्रम के पश्चात परिक्रमा मार्ग वृन्दावन (पानी गांव रोड के निकट) में यमुना जी के बढ़ते जलस्तर का जायजा लिया।