Saturday, October 5, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » निगम कर्मचारी की कूड़े के ढेर में दबने से मौत

निगम कर्मचारी की कूड़े के ढेर में दबने से मौत

फिरोजाबाद। नगर निगम की गाड़ी में भरे कूड़े को गिराते समय उसमें दबने से एक कर्मचारी की मौत हो गई। जबकि एक कर्मचारी घायल हो गया। घायल कर्मचारी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना से नगर निगम के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। मामला थाना दक्षिण क्षेत्र के गांव बासठ का है।
बासठ में नगर निगम के द्वारा शहर की गंदगी को डाला जाता है। गुरुवार सुबह नगर निगम की गाड़ी शहर के कूड़े को लेकर गांव डालने के लिए गई थी। इस गाड़ी पर तैनात कर्मचारी पवन शर्मा निवासी शाहपुर थाना नारखी एक अन्य कर्मचारी के साथ गए थे। जहां पर कूड़ा डालते समय गाड़ी में कुछ फंस गया जिसकी वजह से कूड़ा गिराने में परेशानी होने लगी। तभी पवन गाड़ी में से कूड़ा निकालने का प्रयास करने लगे। उसी समय गाड़ी में भरा हुआ कूड़ा उनके ऊपर जा गिरा, जिसमें वह दब गए। साथ गया कर्मचारी भी कूड़े के ढेर में दब गया। आसपास के लोगों ने दोनों को कूड़े में से निकालकर अस्पताल भिजवाया। जहां उपचार के दौरान पवन शर्मा की मौत हो गई, जबकि दूसरे का अभी इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर नगर आयुक्त घनश्याम मीणा, महापौर कामिनी राठौर, नगर विधायक मनीष असीजा, सुरेन्द्र राठौर अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। नगर आयुक्त ने बताया कि कूड़ा गिराते समय यह घटना घटित हुई है। मृतक के परिजनों के साथ नगर निगम की पूरी संवेदनाएं हैं। जो भी मदद हो सकेगी, वह की जाएगी।

⇒ ‘‘जन सामना’’ वेब न्यूज पोर्टल पर प्रसारित सामग्री जैसे – विज्ञापन, लेख, विचार अथवा समाचार के बारे में अगर आप कोई सुझाव देना चाहते हैं अथवा कोई सामग्री आपत्तिजनक प्रतीत हो रही है, तो आप मोबाइल न0 – 9935969202 पर व्हाट्सएप के माध्यम से संदेश भेज सकते हैं। ई-मेल jansaamna@gmail.com के माध्यम से अपनी राय भेज सकते हैं। यथोचित संशोधन / पुनः सम्पादन बिना किसी हिचकिचाहट के किया जायेगा, क्योंकि हम ‘‘पत्रकारिता के आचरण के मानक’’ का पालन करने के लिये संकल्पवद्ध हैं। – सम्पादक