Saturday, October 5, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » जाकर दिग्विजय सिंह और जयवर्धन सिंह के कपड़े फाड़ दीजिएः कमलनाथ

जाकर दिग्विजय सिंह और जयवर्धन सिंह के कपड़े फाड़ दीजिएः कमलनाथ

नई दिल्लीः कविता पंत। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव में टिकटों के बंटवारे को लेकर घमासान शुरू हो गया है और इसकी चपेट में आने पर पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने असंतुष्टों से झल्ला कर कहा कि जाकर दिग्विजय सिंह और जयवर्धन सिंह के कपड़े फाड़ दीजिए।
नवरात्रि के पहले दिन मध्यप्रदेश में कांग्रेस के 144 उम्मीदवारों की सूची आई। इसके बाद से राज्य में कई जगहों पर विरोध के स्वर उठ रहे हैं। कुछ जगहों पर टिकट कटने के बाद कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन किया है तो कुछ नेताओं ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस पार्टी में सब से ज्यादा विरोध शिवपुरी सीट को लेकर है जहां से पार्टी ने के पी सिंह को टिकट दिया है। दरअसल इस सीट से कथित तौर पर टिकट देने का वादा कोलारस से भारतीय जनता पार्टी के विधायक रहे वीरेंद्र रघुवंशी से किया गया था। वीरेंद्र रघुवंशी ने चुनाव की घोषणा से तारीखों की पहले भाजपा से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद वह कांग्रेस में शामिल हो गए और शिवपुरी से विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची जब सामने आई तो वीरेंद्र रघुवंशी का नाम नदारद था। उन्हें टिकट नहीं मिला और उनकी जगह केपी सिंह को टिकट मिल गया। इसके बाद वीरेंद्र रघुवंशी ने वीडियो जारी कर कहा कि हमारे साथ कुचक्र हुआ है। केपी सिंह कथित रूप से दिग्विजय सिंह के खेमे के माने जाते हैं। ग्वालियर-चंबल अंचल में टिकट बंटवारे में दिग्विजय सिंह का ज्यादा हाथ होने का दावा किया जा रहा है। वीरेंद्र रघुवंशी के समर्थक टिकट नहीं मिलने के बाद भोपाल पहुंच गए और कमलनाथ को घेर लिया। कमलनाथ की घेराबंदी को लेकर सोशल मीडिया पर अब एक वीडियो वायरल है जिसमें दिख रहा है कि वीरेंद्र रघुवंशी के समर्थक बार-बार अपने नेता के लिए टिकट की मांग कर रहे हैं। इसी क्रम में कमलनाथ ने कहा कि हम आप से ज्यादा वीरेंद्र रघुवंशी को चाहते हैं। रघुवंशी के समर्थक जय-जय कमलनाथ के नारे लगा रहे हैं। इसके बाद कमलनाथ झल्ला जाते हैं। लगातार हो रही नारेबाजी के बाद गुस्से में कमलनाथ ने कहा कि जाकर दिग्विजय सिंह और जयवर्धन सिंह के कपड़े फाड़ दीजिए। इसके बाद भाजपा प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी ने ट्वीट किया है कि कांग्रेसियों से कपड़ा फाड़ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान कमलनाथ के द्वारा। गुटबाजी का कोई और जीवंत प्रमाण चाहिए क्या? संभल के रहिएगा दिग्विजय सिंह और जयवर्धन सिंह आप भी।
कमलनाथ के वायरल वीडियो पर दिग्विजय सिंह ने पलटवार किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा है कि जब परिवार बड़ा होता है तो सामूहिक सुख और सामूहिक द्वंद दोनों होते हैं। समझदारी यही कहती है कि बड़े लोग धैर्यपूर्वक समाधान निकालें। ईश्वर भी उन्हीं का साथ देते हैं जो मन और मेहनत का मेल रखते हैं।