Friday, July 5, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » रेलवे फाटक बंद होने पर महिलाओं ने हाईवे पर लगाया जाम

रेलवे फाटक बंद होने पर महिलाओं ने हाईवे पर लगाया जाम

फिरोजाबादः संवाददाता। फतेहाबाद आगरा जाने वाले रास्ते के बीच में बने रेलवे फाटक को बंद किए जाने के बाद आने जाने के लिए रास्ता न होने से परेशान लोगों ने जाम लगा दिया और विरोध प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान वाहनों की लंबी लाइन लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस लोगों को मनाने में जुटी है।
शुक्रवार को थाना रसूलपुर क्षेत्र मोती नगर के निवासियों ने रेलवे फाटक बंद करने से पहले रास्ता ना छोड़ने को लेकर हाईवे को जाम कर दिया। महिलाएं सड़क पर बैठ गईं और नारेबाजी करने लगी। अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप लगाया। महिलाओं के जाम लगाने से वाहनों की लंबी लाइन लग गई। काफी समझा बुझाने पर भी जाम नहीं खोला गया। महिलाओं का कहना है कि आसफाबाद रेलवे क्रॉसिंग से सालों पहले से लोग आ जा रहे थे। रेल अधिकारियों ने क्रॉसिंग को बंद कर दिया। इसकी वजह से बुजुर्गो को आने जाने में परेशानी हो रही है। जाम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया तो महिलाएं आक्रोशित हो उठीं और जाम नहीं खुलने दिया। महिलाओं ने कहा कि रेलवे क्रॉसिंग पर आने जाने के लिए रास्ता दिया जाए, जिससे उन्हें बार बार सीढ़ियों पर उतरना और चढ़ना न पड़े। अधिकारियों द्वारा उनकी मांग पर विचार नहीं किया जा रहा है। इसलिए वह सड़क पर आई हैं। क्रॉसिंग बंद होने से स्कूल जाने वाले बच्चों को भी परेशानी हो रही है। पुलिस ने उनकी बात को रेल अधिकारियों से रखने का आश्वासन देकर करीब पौन घंटे बाद पैदल जाने वाले राहगीरों के लिए रास्ता दिया। पुलिस महिलाओं को मनाने में जुटी है।