Sunday, April 28, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » अब ऊंचाहार विधायक प्रभु श्री राम की शरण में….

अब ऊंचाहार विधायक प्रभु श्री राम की शरण में….

रायबरेली/लखनऊः पवन कुमार गुप्ता। वीवीआईपी जिला रायबरेली की ऊंचाहार सीट से समाजवादी पार्टी के चुनाव चिन्ह पर जीते विधायक डॉ० मनोज कुमार पांडेय अब सपा के पद चिन्हों को पीछे छोड़ते दिख रहे हैं। स्वर्गीय मुलायम सिंह के खास रहे मनोज पांडेय अब सपा सुप्रीमों अखिलेश यादव से दूरियां बनाने लगे हैं। अखिलेश यादव के द्वारा दिया गया मुख्य सचेतक का पद विधायक मनोज पांडेय ने अपने त्यागपत्र के साथ लौटा दिया है। जाहिर सी बात है कि यह सब लौट और पार्टी से बगावत करने के पीछे वर्तमान सत्ता की बागडोर थामने की इच्छा होगी, फिलहाल इसकी पुष्टि अभी नहीं की जा सकती। राज्यसभा चुनाव के दरम्यान से बागी विधायकों में शामिल मनोज अब अयोध्या दर्शन को जाने की तैयारी में हैं। अर्थात् अब वह प्रभु श्री राम की शरण में जानें को तैयार हो चुके हैं। ज्ञात हो कि विगत दिनों विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के अयोध्या दर्शन निमंत्रण को भी समाजवादी पार्टी के मुखिया द्वारा ठुकरा दिया गया था, तब एक न्यूज़ चौनल को बयान देते हुए सपा के मुख्य सचेतक रहे डॉक्टर मनोज पांडे ने कहा था कि जिस दिन प्रभु श्री राम बुलाएंगे उस दिन यह मनोज नंगे पैर उनके दर्शन के लिए पहुंच जाएगा और वह दिन अब आ गया है। ट्विटर और फेसबुक के माध्यम से ऊंचाहार विधायक डॉ मनोज कुमार पांडेय ने अपने समर्थकों और शुभचिंतकों को अवगत कराया है कि वह कल अयोध्या दर्शन को जाएंगे। उन्होंने लिखा है कि प्रभु श्री राम की कृपा से कल दिनांक 29-02-2024 को उनके श्री चरणों के दर्शन करने जाएंगे।
राजनीति में राज्यसभा चुनाव के दरमियान से ही इतनी उथल-पुथल से यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि जल्द ही ऊंचाहार विधायक डॉ० मनोज कुमार पांडेय भाजपा में शामिल हो सकते हैं और उत्तर प्रदेश में चर्चित ब्राह्मण चेहरा होने के चलते सीएम योगी अपने मंत्रिमंडल में भी उन्हें जगह दे सकते हैं। वही ऊंचाहार सोशल मीडिया के माध्यम से उनके समर्थकों के बीच उत्साह देखने को मिल रहा है और स्वागत की तैयारी चल रही है।