Monday, April 29, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » प्रधानमंत्री की जय न बोलने पर बागपत रालोद महिला जिलाध्यक्ष पार्टी से निष्कासित

प्रधानमंत्री की जय न बोलने पर बागपत रालोद महिला जिलाध्यक्ष पार्टी से निष्कासित

बागपत। उत्तर प्रदेश में बागपत के बड़ौत नगर में आयोजित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) व राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक में मंच के माध्यम से रालोद की महिला जिलाध्यक्ष रेनू तोमर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जय नहीं बोलने से मना कर दिया तो इसका रालोद कार्यकर्ताओं ने ही विरोध कर दिया। जिससे क्षुब्ध होकर वह मंच से भी उतरकर चली गई। तभी रालोद के क्षेत्रीय अध्यक्ष योगेन्द्र सिंह ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए मंच से ही पार्टी की सदस्यता व पद से बर्खास्त कर दिया।
सोमवार को बागपत लोकसभा सीट से रालोद प्रत्याशी डॉ राजकुमार सांगवान के समर्थन में राष्ट्रीय लोकदल व भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक बड़ौत नगर में आयोजित की गई थी। इसी दौरान मंच संचालक ने जैसे ही रालोद महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रेनू तोमर को बोलने का मौका दिया तो उसने प्रधानमंत्री मोदी की जय नहीं बोलने की बात कही। तभी बैठक में इसका विरोध शुरु हो गया और रालोद व भाजपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा खड़ा कर दिया। संचालक ने आनन फानन में उससे माइक ले लिया और रेनू तोमर बैठक से उठकर चली गयी। इस बात को लेकर रालोद नेता गंभीर हो गए। एक राय से उसे पार्टी से निष्कासित करने का निर्णय लिया गया। रालोद के क्षेत्रीय अध्यक्ष योगेन्द्र सिंह ने रेणु तोमर की अनुशासनहीनता पर मंच से ही पार्टी की सदस्यता व महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पद से बर्खास्त कर दिया। क्षेत्रीय अध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने कहा कि हम लोगों को समन्वय के साथ लड़ाई लड़नी है। किसी भी कार्यकर्ता ने अथवा पदाधिकारी ने इस समन्वय को तोड़ने का प्रयास किया या अनुशासनहीनता की तो पार्टी निश्चित रूप से कार्यवाही करेगी। इस मौके पर रालोद से लोकसभा प्रत्याशी डा. राजकुमार सांगवान, रालोद के जिलाध्यक्ष रामपाल धामा, राज्यमंत्री केपी मलिक समेत दोनों पार्टियों के तमाम वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।