Monday, May 6, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » बागपत में रालोद विधायक मदन भैया समेत सौ लोगों के खिलाफ आचार संहिता उलंघन का मुकदमा दर्ज

बागपत में रालोद विधायक मदन भैया समेत सौ लोगों के खिलाफ आचार संहिता उलंघन का मुकदमा दर्ज

बागपत। उत्तर प्रदेश में बागपत के खेकड़ा कोतवाली में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) विधायक और 100 से अधिक ग्रामीणों के खिलाफ चुनाव आचार संहिता के उलंघन का मुकदमा दर्ज हुआ है। मुकदमा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) रालोद के संयुक्त प्रत्याशी के पक्ष में अहमदनगर गांव में बगैर अनुमति के जनसभा करने पर हुआ है। दरअसल, जनपद में लोकसभा चुनाव का बिगुल बजा हुआ है। यहां 26 अप्रैल को मतदान होना है। बागपत लोकसभा सीट से आरएलडी और भाजपा का संयुक्त प्रत्याशी राजकुमार सांगवान है। दोनों पार्टी के कार्यकर्ता उनको विजय बनाने के लिए चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। रविवार की देर शाम को क्षेत्र के अहमदनगर गांव में उनके पक्ष में सभा की गई। सभा में आरएलडी विधायक मदन भैया सहित सैकड़ो ग्रामीण शामिल हुए। फलाइंग स्क्वायड टीम के मजिस्ट्रेट रविन्द्र कुमार ने कोतवाली में इस जनसभा को लेकर चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कराया है। उनका कहना है कि उन्हे तहसील कर्मी ने सूचना दी कि कोतवाली क्षेत्र के अहमदनगर गांव में सरकारी भवन ग्राम पंचायत सचिवालय में बिना अनुमति जनसभा की जा रही है। टीम ने मौके पर जाकर देखा तो सूचना सही पाई गई। वहां खतौली के आरएलडी विधायक मदन भैया और ग्राम प्रधान रविन्द्र सिंह सहित करीब सौ लोग मौजूद पाए गए। ये सभी भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल के संयुक्त प्रत्याशी राजकुमार सांगवान के समर्थन में जनसभा कर रहे थे, जो धारा 188 और आदर्श आचार संहिता का उलंघन है। प्रभारी निरीक्षक राजबीर सिंह ने बताया कि फलाइंग स्क्वायड टीम मजिस्ट्रेट रविन्द्र कुमार की तहरीर पर विधायक और प्रधान समेत करीब सौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।