Saturday, September 28, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस: बागपत में हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस: बागपत में हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

बागपतः विश्व बंधु शास्त्री। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के बागपत में शुक्रवार को हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर योग को अपने जीवन में समाहित करने का संकल्प लिया।
दसवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सम्राट पृथ्वीराज डिग्री कॉलेज बागपत के खेल मैदान में आज लगभग 15 हजार लोगों ने योगाभ्यास किया। प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व आम जनमानस ने योग कार्यक्रम में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।
सामूहिक योगाभ्यास में सम्मिलित हुए बतौर मुख्य अतिथि सांसद डॉक्टर राजकुमार सागवान व जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद सभी के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। उन्होंने सभी को प्रतिदिन योग करने के लिये प्रेरित किया। नवनिर्वाचित सांसद डॉ राजकुमार सागवान ने कहा योग हमारे शरीर को स्वस्थ रखता है। योग हमें प्रतिदिन करना चाहिए। योग को विश्व में भारत की एक परंपरा को नया स्थान मिल रहा है। ऋषि मुनियों का योग एक संस्कृति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में प्रतिदिन योग अभ्यास आवश्यक कराया जाए जिससे कि बच्चे स्वस्थ रहें मजबूत रहे और उनका शारीरिक और मानसिक विकास भी योग के माध्यम से हो सके। उन्होंने कहा, योग करने से मन, बुद्धि और आत्मा तीनों का समन्वय होता है और हमारी दिनचर्या में शान्ति और सुकून रहता है। उन्होंने प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने योग को सम्पूर्ण विश्व में स्थापित किया।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा योग स्वयं एवं समाज के लिए है। इसके अलावा जनपद के सभी ब्लॉक, ग्राम व तहसीलों, शिक्षण संस्थाओं व स्वयंसेवी संगठनों की ओर से भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें समस्त जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय व्यक्तियों द्वारा बढ़-बढ़कर प्रतिभाग किया गया।