Friday, September 27, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » स्वच्छ एवं स्वस्थ पाक कला पर प्रतियोगिता का आयोजन

स्वच्छ एवं स्वस्थ पाक कला पर प्रतियोगिता का आयोजन

रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना रायबरेली चिकित्सालय में ‘स्वच्छता ही सेवा 2024’ कार्यक्रम के अंतर्गत, 26 सितम्बर 2024 को स्वच्छ एवं स्वस्थ पाक कला पर एक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना और पाक कला में स्वच्छता के महत्व को समझाना था।
प्रतियोगिता का उद्घाटन महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष भारती मिश्रा द्वारा किया गया। समारोह में महिला कल्याण संगठन की सभी सदस्य के साथ आभा जैन, प्रधान मुख्य चिकित्सा अधिकारी भी उपस्थित रहीं।
आहार विशेषज्ञ डॉ. भूमिका सिंह ने स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक संतुलित आहार पर एक विशेष व्याख्यान प्रस्तुत किया। आजकल, अस्वस्थ आहार और स्वच्छता की कमी के कारण कई स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। इस संदर्भ में, प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को स्वच्छ, स्वस्थ और संतुलित आहार के लिए पोषण रेसिपी में मोटे अनाज को मुख्य सामग्री के रूप में शामिल करना अनिवार्य किया गया था।
प्रतियोगिता में कुल 10 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट पकवान प्रस्तुत किए। प्रथम स्थान अनामिका करण, द्वितीय स्थान गरिमा श्रीवास्तव और तृतीय स्थान सोनी कुमारी को प्राप्त हुआ। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी अन्य प्रतिभागियों को उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
आरेडिका चिकित्सालय ने चिकित्सालय आने वाले सभी मरीजों को सुरक्षित भोजन के पाँच मुख्य बिंदुओं पर एक पैम्फलेट वितरित किया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपार उत्साह के साथ भाग लिया और इसे आयोजित करने में आरेडिका चिकित्सालय में कार्यरत समस्त कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।