Tuesday, October 8, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » कर्मचारियों का साथ निभाने एवं उनके साथ हर परिस्थिति में खड़े रहने के लिए दृढ़ संकल्पित हूं : जितेंद्र

कर्मचारियों का साथ निभाने एवं उनके साथ हर परिस्थिति में खड़े रहने के लिए दृढ़ संकल्पित हूं : जितेंद्र

पवन कुमार गुप्ताः रायबरेली। भारत देश की विद्युत उत्पादन की अग्रणी एवं महारत्न कंपनी एनटीपीसी अपने कर्मचारियों में उत्साह एवं ऊर्जा के संचार को बनाए रखने और कैरियर को ऊंचाई देने के लिए पदोन्नति के अनेक अवसर उपलब्ध कराती है। उसी कड़ी में कर्मचारियों को एक अवसर दिया जाता है जिसमें वे लिखित परीक्षा और साक्षात्कार में उत्तीर्ण होकर अधिकारी बन सकते हैं। वर्ष 2024 के लिए सितंबर माह में आयोजित इस परीक्षा में ऊँचाहार परियोजना से कुल 9 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए और एनटीपीसी की अलग-अलग परियोजनाओं में स्थानांतरित हुए।
इन्ही 9 अभ्यर्थियों में एटक के अतिरिक्त केंद्रीय नेता और ऊँचाहार परियोजना में एटक यूनियन के अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव भी उत्तीर्ण हुये और उनका स्थानांतरण सीपत परियोजना में हो गया। जितेन्द्र श्रीवास्तव के अचानक हुए इस प्रमोशन और ट्रांसफर से न केवल ऊँचाहार अपितु रिहंद, सिंगरौली एवं टांडा सहित कई परियोजनाओं में कर्मचारी निराश और व्यथित हो गये हैं। जैसा सभी जानते है कि जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव सभी कर्मचारियों से व्यक्तिगत तौर पर जुड़े हुए है। श्री श्रीवास्तव कर्मचारियों के कार्यस्थल से जुड़े विषयों के साथ – साथ कर्मचारियों के व्यक्तिगत एवं अन्य सामाजिक समस्याओं का निराकरण भी कराते आये हैं। कर्मचारियों के हित के लिए खड़े होने का ये सिलसिला आज का नही है बल्कि वर्षों पुराना है। ऊंचाहार परियोजना के पुराने कर्मचारियों से बात करने पर वो उस दिन को याद करते हुए नई ऊर्जा एवं जोश से भर जाते है और गर्व से बताते है की यूनियन जब कर्मचारियों के हित में काम नही कर रही थी तब जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव की निडरता, अडिगता एवं साहसी व्यक्तित्व को देखकर हम उन्हे आगे लाए और जीता कर यूनियन का अध्यक्ष बनाया। अध्यक्ष बनने के बाद भी और आज भी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव के व्यक्तित्व एवं स्वभाव में हमने कभी कोई नकरात्मक परिवर्तन नही देखा। कर्मचारियों का साथ निभाने एवं उनके साथ हर परिस्थिति में खड़े रहने का संकल्प लिए जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने ना केवल साथ निभाया बल्कि उनके हितों को बनाए रखने के लिए उनके मुद्दों को परियोजना स्तर से लेकर केन्द्रीय कार्यालय तक ले गए और उनका समाधान भी कराया। यही कारण है कि ऊंचाहार परियोजना के कर्मचारी ही नहीं टांडा, रिहंद और शक्तिनगर के कर्मचारी भी इन्हे अत्यंत प्यार एवं सम्मान देते है। सभी कर्मचारियों के इसी प्यार और लगाव का ही नतीजा है की एटक फेडरेशन के उच्च नेताओं ने जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव को केन्द्रीय नेता चुनकर उनकी मेहनत, लगन, निडरता और कुछ कर गुजरने की चाहत को सम्मान दिया। जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव की लोकप्रियता एवं कर्मठता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कर्मचरियों के साथ – साथ अधिकारियों में भी इनके प्रति सम्मान एवं आदर दिखाई पड़ता है। जब से उन्हे जितेन्द्र श्रीवास्तव के अधिकारी बनने की सूचना मिली है तब से वो खुशी से इनका स्वागत करने को तत्पर हैं।
अब जब जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव का स्थानांतरण सीपत परियोजना में हो गया तब से सभी कर्मचारी अत्यंत दुखी एवं भावुक है। कर्मचारियों से बात करने पर वो कहते है कि पदोन्नति तो खुशी की बात है लेकिन ये स्थानांतरण हम पर वज्रपात जैसा है। इनके जाने से हम सभी का व्यक्तिगत नुकसान है और हम सभी इन्हे जाने देना नही चाहते है। हम सब इनके बिना अकेले एवं असहाय हैं। सभी कर्मचारियों ने बहुत ही भावुक होकर जितेन्द्र श्रीवास्तव से ऊँचाहार न छोड़ने की अपील की। जब जितेन्द्र श्रीवास्तव के लिए निर्णय लेना बहुत मुश्किल हो गया तो कर्मचारियों की भावनाओं का सदैव आदर करने वाले जितेन्द्र श्रीवास्तव ने कल एकता भवन में एक सभा का आयोजन किया, जिसमें एटक ऊँचाहार के सभी सदस्यों से इस संवेदनशील मुद्दे पर राय मांगी गई। उपस्थित सभी सदस्यों ने एक सुर से कहा कि आपके द्वारा न केवल परियोजना स्तर अपितु ब्लॉक, तहसील एवं जिला स्तर से संबंधित कार्य जैसे जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र, राशन कार्ड एवं वोटर आईडी कार्ड बनवाने के अतिरिक्त सामाजिक कार्य में भी भागीदारी निभाते आये है, जैसे गरीब कन्याओं के विवाह, सर्दियों में कंबल वितरण, मंदिर निर्माण, श्री कृष्ण जन्माष्टमी सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन आदि। आपके जाने से कर्मचारियों को भारी असुविधा होगी। एक कर्मचारी ने तो यहाँ तक कह दिया कि मैं तो पूरी तरह आप पर निर्भर था आपके जाने के बाद पता नहीं मैं कैसे जीवित रहूँगा।
कर्मचारियों की मार्मिक भावनाओं को सुनने के बाद जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने घोषणा कर दी कि वह कर्मचारियों के हितों के लिए प्रमोशन का ही नहीं हर प्रकार का बलिदान देने को तैयार हैं।
जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव की प्रमोशन छोड़ने की खबर मिलते ही ऊँचाहार सहित सभी परियोजनाओं में कर्मचारियों ने अति प्रसन्नता व्यक्त किया और उनके इस बलिदान के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए दिल से धन्यवाद भी दिया।