फिरोजाबादः जन सामना संवाददाता। गांव के बाहर पैदल जा रहे किसान को तेज रफ्तार मैजिक वाहन चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में परिजन उन्हें अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
थाना एका क्षेत्र के गांव आर्य नगर सुराया निवासी 60 वर्षीय किसान भूरे सिंह यादव रविवार को गांव के बाहर पैदल अपने खेत पर जा रहे थे। वह जैसे ही सड़क किनारे पहुंचे। तभी तेज रफ्तार आ रहे मैजिक चालक ने उनमें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। उन्होंने परिजनों और पुलिस को घटना की जानकारी दी। आनन-फानन में परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह घर से खेत पर जाने की कहकर निकले थे। उसके बाद उनके सड़क हादसे की खबर मिली। वह खेती कर परिवार का भरण पोषण करते थे। इंस्पेक्टर एका मनोज कुमार का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।