Saturday, March 29, 2025
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » शादी की खुशियां मातम में बदलीं, बारात जाने से पहले दूल्हा की मौत से कोहराम

शादी की खुशियां मातम में बदलीं, बारात जाने से पहले दूल्हा की मौत से कोहराम

हाथरस। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के गांव भोजपुर में एक परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गई, जब दूल्हे की डांस करते समय अचानक शादी से ठीक 1 दिन पहले मौत हो जाने से परिवार में भारी कोहराम मच गया है और परिवार भारी सदमें है। बारात जाने के ठीक 1 दिन पहले शिक्षक दूल्हा की मौत हो गई। शादी की रस्मों के दौरान दूल्हे ने घर वालों के साथ डांस किया। थकने के बाद भात कार्यक्रम में जाकर बैठ गया, तभी अचानक बेहोश होकर गिर गया। परिजन और रिश्तेदार उसे तुरंत हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना पर दूल्हे की मां बेहोश हो गई और घर में भारी कोहराम मच गया। जिस घर से बारात जाने वाली थी, उस घर से अर्थी उठते देख पूरा गांव रोने लगा। शादी की खुशियां भरी मातम में बदल गई है। बताया जाता है थाना हाथरस गेट क्षेत्र के गांव भोजपुर से आज एक शिक्षक की बारात जानी थी। दूल्हे के मामा गंगा सिंह ने बताया कि 22 वर्षीय शिवम पुत्र स्वर्गीय साहब सिंह एक प्राइवेट स्कूल में कंप्यूटर शिक्षक था। शिवम के पिता साहब सिंह की 14 साल पहले मौत हो चुकी है। मां द्रोपा देवी हाउस वाइफ हैं। शिवम तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। छोटे भाई रचित (18 वर्ष) और सूरज (12 वर्ष) अभी पढ़ाई कर रहे हैं। शिवम ही परिवार में कमाने वाला था। बताया जाता है शिवम की शादी आगरा की मोहिनी से तय की गई थी, आगरा के टेढ़ी बगिया में बारात जानी थी। सुबह सभी लोग डांस कर रहे थे। शिवम ने भी डांस किया। इसके बाद भात का कार्यक्रम शुरू हुआ। इसी दौरान शिवम बेहोश होकर गिर पड़ा। हम लोग तुरंत उसे हाथरस जिला अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छोटे मामा धर्मवीर सिंह ने बताया कि शिवम को कोई गंभीर बीमारी नहीं थी। बहुत दिन बाद हमारी बहिन के परिवार में खुशी लौटी थी। वो भी ऊपर वाले को मंजूर नहीं हुई। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सूर्य प्रकाश का कहना है कि लाइफ स्टाइल बदलने की वजह से साइलेंट अटैक के मामले बढ़े हैं। जिला अस्पताल में कोई कॉर्डियोलॉजिस्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि वैसे इस तरह के केस रेयर होते हैं।