Thursday, April 25, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » नोटबंदी के एक वर्ष पूर्ण होने पर कांग्रेसियों ने काला दिवस मनाया: ज्ञापन सौंपा

नोटबंदी के एक वर्ष पूर्ण होने पर कांग्रेसियों ने काला दिवस मनाया: ज्ञापन सौंपा

हाथरसः नीरज चक्रपाणि। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आव्हान पर आज शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा नोटबंदी के एक वर्ष पूर्ण होने पर उसे काला दिवस के रुप में मनाया गया। शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता कैंप कार्यालय श्री राधा कृष्ण कृपा भवन पर एकत्रित होकर अलीगढ़ रोड स्थित इंदिरा गांधी पार्क पर पहुंचे वहां से शहर अध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए हाथों में तख्ती लिए व झंडे लिए नोटबंदी व जीएसटी के खिलाफ नारे लगाते हुए तहसील परिसर में प्रवेश किया।
जहां शहर अध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा कि आज नोटबंदी को 1 वर्ष पूरा हो गया है। देश के प्रधानमंत्री ने जनता को यह विश्वास दिलाया था कि नोटबंदी से काला धन वापस आएगा, अच्छे दिन आएंगे, रोजगार मिलेगा, आतंकवाद खत्म होगा। आज देश की जनता प्रधानमंत्री से पूछ रही है कि क्या हुआ उन वादों का, नोटबंदी से बेरोजगार बढ़ी, भ्रष्टाचार बढा, आतंकवाद बढ़ा, महंगाई बढ़ी और उसके बाद जीएसटी लगाकर व्यापारियों पर अत्याचार किया। किसान पहले ही त्रस्त था। आखिर देश की सरकार क्या चाहती है। रसोई गैस पेट्रोल डीजल पर लगातार बढ़ोतरी हो रही है। कहां है देश और प्रदेश की सरकार। इसके उपरांत तहसीलदार को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि देश की तानाशाह सरकार के मुखिया द्वारा विगत 8 नवंबर 2016 की रात्रि को 1000 और 500 के नोटों को कागज का टुकड़ा करार देने की घोषणा की, जिसे देश की जनता, व्यापारी, किसान, मजदूर, विशेषकर महिलाएं आज तक परेशान हैं। बेरोजगारी चरम पर है, सभी उद्योग धंधे ठप्प होने से व्यापारी वर्ग त्राहि-त्राहि कर रहा है, उसके घाव पर मरहम लगाने के लिए जीएसटी जैसा जटिल कानून लाकर देश की सरकार ने उद्योग-धंधों को पूरी तरह चैपट कर दिया है। प्रधानमंत्री द्वारा लिए गए इस निर्णय से देश की अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान हुआ है। कांग्रेसजन मांग करते हैं कि नोटबंदी के समय हुई परेशानी से जिन लोगों की जान गई उनके परिवारीजनों को 25-25 लाख रुपया मुआवजा दिया जाए और व्यापारियों से 8 नवंबर 2016 से आगामी 2 वर्ष तक कोई कर वसूला ना जाए।
शहर अध्यक्ष विक्रमादित्य ने कहा कि नोटबंदी के समय जिन लोगों ने अपनी जान गवाई उन लोगों की आत्म शांति हेतु आज शाम 6 बजे शहीद भगत सिंह पार्क आगरा रोड से कैंडल मार्च निकाला जाएगा। जिसमें मुख्य अतिथि प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा सिंह होंगी। आज के प्रदर्शन में शरद उपाध्याय नंदा, बीना गुप्ता एड., अविनाश पचैरी, गिरिराज सिंह गहलोत, ललितेश गुप्ता, राजपाल पुनिया, अनुज संत, आर के राजू, कपिल नरूला, श्रीमती सलमा बेगम, योगेश कुमार ओके, संतोष त्रिवेदी, कलीम नूरी, मधुर मनोहर शर्मा, बेगम नूरजहां, दिनेश, बबलू, पूनम, इकबाल, विष्णु कुमार, मोहम्मद अजीम कुरेशी, कासिम कुरेशी आदि तमाम कांग्रेसजन मौजूद थे।