Wednesday, April 24, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » प्रत्याशियों को जिताने के लिए भाजपाइयों ने किया रोड शो

प्रत्याशियों को जिताने के लिए भाजपाइयों ने किया रोड शो

कानपुरः जन सामना ब्यूरो। आज भारतीय जनता पार्टी ने स्थानीय निकाय चुनावों में अपनी पूरी ताकत झोंकने का प्रयास किया। इस मौके पर कानपुर महानगर की तीनों विधानसभाओं-छावनी, महाराजपुर और किदवईनगर क्षेत्र के अधिकांश वार्डों में कानपुर महानगर की महापौर प्रत्याशी प्रमिला पाण्डेय और दक्षिण जिले की जिलाध्यक्ष अनीता गुप्ता के साथ प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने एक प्रचार रथ पर सवार होकर रोड शो किया। रोड शो से पहले भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने जाजमऊ गंगा पुल पर केशव मौर्या का स्वागत किया। रोड शो महाराजपुर के हरजेंद्रनगर, यशोदानगर, सरसौल मंडल, छावनी विधानसभा के श्यामनगर मंडल, छावनी और बाबूपुरवा मंडलों से होते हुये किदवईनगर विधानसभा के बर्रा मंडल, निरालानगर मंडल के अधिकांश वार्डों से गुजरे पूरे रास्ते मे जनता ने उत्साह दिखाया। छावनी विधानसभा के बाबूपुरवा मंडल के 4 वार्डों के प्रत्याशी अशोक पाल, हरिशंकर गुप्ता, रमा सिंह और राजेश अवस्थी मंडल प्रभारी / जिलामन्त्री दक्षिण संजय कटियार के साथ केस्को ऑफिस के पास भारी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद थे जहाँ पर केशव मौर्या के पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। काफिले में चारपहिया वाहनों की संख्या लगभग एक सैकड़ा से अधिक देखी गई। जगह जगह स्वागत के कारण रोड शो काफी देरी से भी चल रहा था। काफिले के साथ विधायक महेश त्रिवेदी, पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया, बाबूपुरवा मंडल के मनोज पंत, शशिकांत तिवारी, नीरज दीक्षित, सतीश शर्मा, अचल गुप्ता, शिवराम सिंह, शिवशंकर सैनी, अमित मल्होत्रा मौजूद रहे।