Wednesday, April 24, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » शीत लहर जोरों पर, नहीं जल रहे सरकारी अलाव

शीत लहर जोरों पर, नहीं जल रहे सरकारी अलाव

खीरों, रायबरेली। इस समय सर्दी पूरे जोरों पर है। शीत लहर और घने कोहरे से आम जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त नजर आ रहा है। नव वर्ष की पहली शीत लहर लगातार छठे दिन भी प्रभावी रही। शनिवार को सूरज की किरणें धरती पर जरुर पड़ी लेकिन तापमान में कोई बढ़ोत्तरी नहीं आई। जिससे लोगों की कपकपी छूट गई। मौसम की पहली शीत लहर ने बुजुर्गों और बीमारों के लिए मुसीबत खड़ी कर दी। इसके बावजूद अभी तक प्रशासन द्वारा अलाव जलाए जाने की कोई व्यवस्था न कराए जाने से लोगों में काफी आक्रोश है। खीरों कस्बे के सैकड़ों ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से भीषण ठंड पर काबू पाने के लिए अलाव जलवाने की गुजारिश की है जिससे गरीब बेसहारा एवं निराश्रितों का भला हो सके। जनवरी माह का प्रथम सप्ताह बीतने को है फिर भी अभी तक प्रशासनिक अधिकारियों की नींद नहीं टूटी।
कड़ाके की ठंड से न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक पहुंच गया है जिसके चलते जबरदस्त कपन का एहसास हो रहा है। ठंड से मवेशियों की भी स्थिति गंभीर हो गई है। खुले में विचरण करने वाले मवेशी ठंड से बचने के लिए रिहायशी इलाकों की तरफ भागने लगे हैं। ठंड के कारण सड़कों पर भीड़ गायब हो गई है। गावों में गरीब तपके के लोग ठंड के कारण बुरी तरह बेहाल हैं। प्रशासन द्वारा अलाव जलवाने का दावा महज दिखावा साबित हो रहा है। सार्वजनिक स्थलों पर भी अलाव जलते नहीं दिखाई देते। लोग अपने स्तर से अलाव की व्यवस्था करते देखे जा रहे हैं। तापमान में जबरदस्त गिरावट आ जाने के कारण लोगों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित है। तहसीलदार डॉ जगन्नाथ सिंह में बताया कि विकास क्षेत्र में अलाव जलाने के लिए 12 स्थान चिन्हित हैं, इसके अतिरिक्त अगर कहीं आवश्यकता होती है तो व्यवस्था की जाएगी। शासन के निर्देष पर कम्बल वितरित करने का कार्य जारी है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ भावेश सिंह ने बताया कि लगातार सर्दी बढ़ने के साथ धूप न निकलने से सर्दी जनित बीमारियों में इजाफा हुआ है। वहीं रोगियों के लिए बीमारियों पर नियंत्रण करने में दिक्कत आ रही है। सर्दी से जुखाम, खांसी, बुखार, डायरिया आदि का संकट बढ़ जाता है। ठंडी हवा के साथ वायरस स्वास नली में प्रवेश कर जाते हैं। बच्चों में संक्रमण से डायरिया, निमोनिया की संभावना रहती है।