Friday, April 26, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » मातृ शक्ति वंदन समारोह आयोजित

मातृ शक्ति वंदन समारोह आयोजित

हाथरसः जन सामना संवाददाता। कामरेड भगवानदास मार्ग, रामनगर (पंजाबी) कालौनी स्थित वी. एम. पब्लिक स्कूल में मातृ शक्ति वंदन समारोह समाजसेवी आर. पी. पचैरी की अध्यक्षता में हुआ।
मुख्य अतिथि बिटिया बचाओ अभियान के सूत्रधार व पर्यावरणविद भवतोष मिश्र ने कहा कि जिस देश में साल में दो बार नवदुर्गा के पावन पर्व पर छोटी-छोटी बेटियों को देवी मां का स्वरूप मानकर पूजे जाने की गौरवशाली परम्परा हो। उस देश में कन्या भ्रूण हत्या, बेटियों के साथ भेदभाव, बेटियों के सम्मान से खिलवाड़, महिला निरक्षता, दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा, एसिड अटैक जैसे सामाजिक कलंकों को किसी भी सूरत में बर्दास्त नहीं किया जा सकता है। श्री मिश्र ने कहा कि मनुष्य सामाजिक प्राणी है, इसलिये उसे अपने सामाजिक उत्तरदायित्वों के निर्वहन में सदैव तत्पर रहना चाहिये।
ए.डी.जी.सी. विनोद कुमार शर्मा ने नारी उत्पीड़न के कारणों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुये नारी शोषण रोकने के विभिन्न उपायों की भी चर्चा की। कर्मचारी नेता सुनहरीलाल गौतम ने बेटियों के जीवन, सम्मान व अधिकारों की रक्षा के लिये चलाये जा रहे बिटिया बचाओ अभियान की भूरि-भूरि प्रशंसा की। व्यापारी नेता हरीमोहन शर्मा गुरूजी ने कहा कि महज हालातों को कोसने से काम चलने वाला नहीं है, हालातों के बदलाव के लिये हमारी क्या भूमिका हो सकती है। इस पर चिन्तन करना होगा। शिक्षक नेता डा. प्रवीन देव रावत ने कहा कि सराहनीय बिटिया बचाओ अभियान को जनान्दोलन में तब्दील करने के लिये रचनात्मक सोच वाले लोगों को एकजुट होकर सामूहिक प्रयास करने होंगे। कार्यक्रम व्यवस्थापक सुरेशचन्द्र शर्मा ने कहा कि नारी सशक्तीकरण की दिशा में बिटिया बचाओ अभियान निश्चित ही मील का पत्थर साबित होगा।
कार्यक्रम संयोजक डा. जितेन्द्र शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति महिलाओं का सम्मान करना सिखाती है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति से विमुखता व पाश्चात्य सभ्यता के अंधानुकरण के चलते ही महिला अपराध बढ़े हैं। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसियेशन के पूर्व सचिव भागीरथ शर्मा ने बिटिया बचाओ अभियान की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुये पूर्ण सहयोग का वायदा किया। श्यामबाबू चिन्तन की रचना बेहद सराही गयी।
इस दौरान डिस्ट्रिक्ट बार एसोसियेशन के पूर्व सचिव रमेश वर्मा, रमेशचन्द्र पाठक, पवन दिवाकर, वी.एम. पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या मनीषा शर्मा, सुनीता शर्मा, संजीव पचैरी, मुकुल शर्मा, गौरांगी शर्मा, अनिल उपाध्याय, विमल कुमार शर्मा, नन्दकिशोर, प्रमिला पांडे, विनोद गुप्ता, संजय अग्रवाल, सुनीत गुप्ता, डौली अग्रवाल, बविता गुप्ता, पायल अग्रवाल, सोनल अग्रवाल आदि उपस्थित थे।