Saturday, April 27, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » मिट्टी खनन करते में खिसकी ढायः1 की मौतः 2 रैफर

मिट्टी खनन करते में खिसकी ढायः1 की मौतः 2 रैफर

हाथरस, नीरज चक्रपाणि। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव गढी धारू में आज मिट्टी की खुदाई का कार्य कर रहे कई लोग अचानक ढाय खिसकने से उसमें दब गये और जहां कई लोग गम्भीर रूप से घायल हो गये वहीं एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में भारी हडकम्प व कोहराम मच गया है।
बताते हैं थाना क्षेत्र के गांव धारू गढी में आज कुछ लोग भर्त आदि करने के लिए एक पोखर से मिट्टी की खुदाई का कार्य करने में लगे थे तथा मिट्टी खुदाई के दौरान गहरा गढ्ढा हो जाने से गहरी ढाय बन गई थी। उक्त ढाय में कई मजदूर व ट्रेक्टर चालक बैठे हुए थे तभी अचानक ढाय खिसक गई और मिट्टी में कई मजदूर दब गये।
ढाय खिसकने की सूचना ग्रामीणों को जैसे ही मिली वैसे ही तत्काल तमाम लोगों की भीड मौके पर दौड पडी और मिट्टी में दबे मजदूरों को जैसे तैसे निकालकर 3 लोगों को उपचार हेतु बागला जिला अस्पताल भिजवाया जहां पर चिकित्सकों ने करीब 22 वर्षीय एक युवक मनोज पुत्र भगवान सिंह निवासी गांव बेरगांव थाना हाथरस जंक्शन को मृत घोषित कर दिया जबकि करीब 25 वर्षीय मजदूर राकेश पुत्र मानपाल सिंह व 26 वर्षीय सुरजीत पुत्र सोरन सिंह निवासीगण गांव हरीपुर को गम्भीर हालत में उपचार हेतु अलीगढ मेडीकल रैफर किया है।
बताया जाता है मृतक युवक मनोज ट्रेक्टर चालक था और ट्रेक्टर भी इसी का है। ढाय खिसकने पर मिट्टी में अन्य और भी मजदूर दब गये लेकिन उन्हें ज्यादा गम्भीर चोट नहीं आयी है। खुदाई के कार्य में एक और ट्रेक्टर ट्राली लगी थी लेकिन वह घटना के बाद से चालक ट्रेक्टर ट्राली लेकर भाग गया। संभावना है गांव में अवैध तरीके से मिट्टी का खनन किया जा रहा था।
घटना के सम्बंध में थाना हाथरस जंक्शन प्रभारी जगदीश चन्द्र ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वह तत्काल मौके पर पहुंच गये और घायलों को उपचार हेतु भिजवाया तथा मिट्टी की खुदाई का कार्य कैसे हो रहा था इसकी जानकारी की जा रही है तथा इस तालाब में पहले भी एक घटना घटित हो चुकी है तब भी मौत हो गई थी। ग्राम प्रधान को मौके पर बुलाया है।