Wednesday, April 24, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » अटल जी का जीवन राष्ट्रीयता से परिपूर्ण-राजकमल दीक्षित

अटल जी का जीवन राष्ट्रीयता से परिपूर्ण-राजकमल दीक्षित

हाथरस, नीरज चक्रपाणि। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जयन्ती समारोह को सेठ फूलचन्द बागला महाविद्यालय के प्राचार्य मेजर राजकमल दीक्षित के संयोजनानुसार वैचारिक संगोष्ठी के रूप में मनाया गया, जिसमें प्राध्यापकों ने अटल बिहारी वाजपेयी के कर्तव्य बोध एवं व्यक्तित्व के औदात्य का विश्लेषण किया। संगोष्ठी में महाविद्यालयी प्रोफेसर ने वर्तमान परिदृश्य में अटल बिहारी वाजपेयी के औचित्य-बोधक विचारों और काव्य-बोध की सराहना की।
महाविद्यालय में 24 एवं 25 दिसम्बर को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म दिवस समारोह वाद विवाद प्रतियोगिता, कविता पाठ एवं भाषण प्रतियोगिताओं के साथ मनाया गया। सभी आयोजनों के विषय वस्तु युग पुरूष पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी रहे।
प्राचार्य मेजर राजकमल दीक्षित ने कहा कि भारत रत्न से विभूषित अटल जी के विचारों में सांस्कृतिक उत्कर्ष का नियोजन था, जो राष्ट्रीयता के परिप्लुत आदर्शों से समन्वित था। सांस्कृतिक विभाग प्रभारी डा. सुनन्दा महाजन ने अटल जी के राष्ट्र-प्रेम, कार्य-बोध, आदर्शमय जीवन शैली को अनुकरणीय बताया। भूगोलवेत्ता प्रोफेसर रजनीश ने पोखरण परमाणु परीक्षण को अटल जी के साहस और देशप्रेम का समन्वित आदर्श बताया, जबकि डा. सत्यदेव पचैरी ने अटल जी की पारिवारिक पृष्ठभूमि एवं राजनैतिक संघर्ष बोध पर प्रकाश डाला।
हिन्दी एसोसिएट प्रोफेसर डा. राजेश कुमार, डा. देवदत्त सिंह ने साहित्य के सन्दर्भ में अटल जी की कविताओं के राष्ट्र-बोध को प्रासंगिक बताया। डा. संध्या कुमारी ने अटल जी के संस्कार बोध को सराहनीय बताकर उनकी कर्मानुमोदित प्रतिभा का स्तवन किया। बी.एड. विभाग की डा. रमा शर्मा, डा. दीपा ग्रोवर, डा. देवेन्द्र सिंह ने अटल जी के दार्शनिक एवं शैक्षिक विचारों पर विचार व्यक्त किए। डा. के.एन. त्रिपाठी तथा डा. राजेश कुमार वाणिज्य ने अटल जी के आर्थिक सुधारों पर विचार-मंथन कर उनकी वर्तमान प्रासंगिकता को निरूपित किया। डा. शालिनी अग्रवाल ने अटल जी की कविताओं में शैली-बोध को तर्कपूर्ण भाषा का संवाहक बताया। डा. प्रीति वर्मा ने अटल जी के वैदुष्यपूर्ण विचारों को अनुकरणीय बताया। डा. जी. सिंह ने उनके कार्यों का उदात्त बताया। प्रतियोगिताओं में विजयी छात्र एवं छात्राओं को प्राचार्य एवं संयोजक मंडल द्वारा पुरस्कार प्रदान किये गये।
इस अवसर पर डा. डी.के. दीक्षित, डा. कपिल गुप्ता, डा. सुशील कुमार, शिव कुमार, शीलेन्द्र कुमार शर्मा, श्रीमती नीतू नागपाल, श्रीमती रेखा रानी शर्मा, अरूण गुप्ता, यतीश नगाईच, निकेश शर्मा, इशांत शर्मा, चन्द्र प्रकाश सिंह, शकील खान, हेमन्त गौतम, बृजकिशोर आदि मौजूद थे।