Friday, March 29, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » चीनी वस्तुओं का बहिष्कार करेंगे व्यापारी

चीनी वस्तुओं का बहिष्कार करेंगे व्यापारी

कानपुर। प्रान्तीय व्यापार मण्डल से जुड़े व्यापारियों ने रिजर्व बैंक के सामने होली के त्यौहार में चीनी वस्तुओं के पूर्ण बहिष्कार की मांग को लेकर हाथों में चीन निर्मित पिचकारियां लेकर मंगलवार को प्रदर्शन किया और आतंकवाद की मदद का आरोप लगा कर चीन सरकार का झंडा दहन भी किया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अभिमन्यु गुप्ता ने कहा कि मण्डल से जुड़े व्यापारी होली में न ही खुद चीनी वस्तु खरीदेंगे और न ही उसका व्यापार करेंगे।साथ ही व्यापारियों के परिजन और कर्मचारियों भी चीनी वस्तु न ही खरीदेंगे और न ही उसका व्यापार करेंगे। संगठन द्वारा चीन सरकार और चाइनीज सामानों के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए उसके बहिष्कार का आह्वान किया गया। गौरतलब है कि होली त्यौहार आते ही पूरा बाजार चाइनीज सामानों से पट गया है। इनमें पिचकारी से लेकर मुखौटे, गुलाल आदि शामिल हैं। घटिया क्वालिटी होने के बावजूद सस्ती कीमत की वजह से होली में भारत मे चीनी वस्तुओं खासकर पिचकारियों का बाजार बहुत बड़ा हैं। विश्व के मानचित्र पर चीन सरकार द्वारा भारत का जिस तरीके से विरोध किया जा रहा है उससे देश का हर व्यापारी नाराज है। अभिमन्यु गुप्ता का मानना है कि चीन पाकिस्तान के कंधों पर बंदूक रखकर भारत को निशाना बना रहा है। पाकिस्तान की सैन्य ताकत को चीन दिन-प्रतिदिन मजबूत करता जा रहा है और आतंकवाद को बढ़ावा देने का काम भी सबसे ज्यादा चीन कर रहा है जिसका नतीजा है पुलवामा समेत हर आतंकवादी हमला। चीन पाकिस्तान की सेना, आतंकवाद और अन्य ताकतों को भारत के खिलाफ बड़े पैमाने पर इस्तेमाल कर रहा है। भारत की सीमाओं में डोकलांम, अरुणाचल, कश्मीर समेत कई जगहों में लगातार चीन दखलंदाजी कर रहा है। संयुक्त राष्ट्र में आतंकवाद के खिलाफ भारत की हर मुहिम का चीन खुलेआम विरोध करता है।
अध्यक्ष अभिमन्यु गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों ने चाइना के पूर्ण बहिष्कार की शपथ लेते हुए चीनी समान न खरीदने की शपथ ली और भारत माता की जय के नारे लगाए। अभिमन्यु गुप्ता ने कहा की चाइनीज समान का लगातार विरोध करने के बाद भी होली में रंग बिरंगी पिचकारी, मुखौटे, गुलाल जैसे चीनी वस्तुओं से बाजार सज गये हैं। भारत विरोधी ताकतों का हम विरोध करते हैं। उसे हम हर तरीके से कमजोर करने का काम करेगें। भारत में चाइना का कोई सामान नहीं बिकना चाहिये इसका आग्रह हम दुकानदार और नागरिकों दोनों से करेंगे। क्योंकि आपके द्वारा खरीदा या बेचे जाने वाला चाइनीज सामान व्यापारिक लाभ के तौर पे चीन को जाता है और चीन उससे आर्थिक व सैन्य मदद पाकिस्तान व आतंकवाद को देता है जिसकी कीमत हमारे सैनिकों को अपनी जान गंवा कर चुकानी होती है।चीन ने हमेशा हमें धोखा दिया है। चीनी समान को खरीदना दुश्मन की मदद करने जैसा है। हर राष्ट्रवादी भारतीय व्यापारी को चीनी समान का बहिष्कार करना चाहिए। संगठन ने व्यापारियों व नागरिकों से अपील की वो राष्ट्र व देश हित में इस मुहिम से जुडें और चीनी सामग्रियों का बहिष्कार करें। होली की खरीददारी करते वक्त मेड इन इंडिया सामग्री ही लें। प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु गुप्ता, महासचिव हरप्रीत सिंह बब्बर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय बिस्वारी, प्रदेश कोषाध्यक्ष जितेंद्र सिंह संधू, उपाध्यक्ष उपेन्द्र दुबे,विनय कुमार, महेश गुप्ता, रईस आलम, जिब्रील अली,गगन्दीप सिंह, शाहरुख, मो शादाब, मुकेश कनौजिया, अंकुर गुप्ता, अनमोल सिंह, आत्मजीत सिंह, सुखबीर सिंह, मनोज सोनी, अरविंद गुप्ता, सुनील अग्रवाल, रवि गुप्ता आदि मौजूद रहे।