Saturday, April 20, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » यातायात व्यवस्था को बिगाड़ रहे तैनात सिपाही

यातायात व्यवस्था को बिगाड़ रहे तैनात सिपाही

लोग नियम तोड़ने में मस्त-ये खुद के खान-पान में व्यस्त
एसएसपी को देना होगा ध्यान-वरना नहीं सुधरेंगे हालात
फिरोजाबाद, जन सामना संवाददाता। शहर में दिन ब दिन जाम की समस्या बढ़ती जा रही है। इस जाम से जनता को निजात दिलाने के बजाय कई एक खाकी वर्दीधारी अपने खान-पान में व्यस्त रहते हैं। जिस कारण इससे निजात मिलने के बजाय और ज्यादा दिक्कतों का सामना लोगों को करना पड़ता है। जिले के एसएसपी को इस ओर गंभीरता से ध्यान देना चाहिये। बताते चलें कि आये दिन शहर में जाम की समस्या बनी रहती है। घंटों कई वाहन जाम में फंस जाते हैं। जिनसे आसानी से निजात नहीं मिल पाती है। इसका कारण शहर के कुछेक प्रमुख चैराहों पर तैनात वे पुलिसिया सिपाही हैं जो लोगों को जाम से निजात दिलाने के बजाय खुद अपने खान-पान में व्यस्त हो जाते हैं। ड्यूटी के दौरान अपने निजी कार्यो में ज्यादातर व्यस्त रहने वाले इन पुलिसिया सिपाहियों से क्या उम्मीद कर सकते हैं यातायात व्यवस्था सुधरने की। ऐसा ही एक नजारा गुरूवार को दोपहर उस वक्त देखने को मिला, जब एक ओर शहर के प्रमुख सुभाष तिराहे पर इधर उधर से निकलने वाले वाहन यातायात नियमों को तोड़ते हुये आगे बढ़ रहे थे तो दूसरी ओर यहां पर तैनात सिपाही सुनील यादव एक हलवाई की दुकान पर नाश्ता करने में व्यस्त था। ड्यूटी के दौरान ये लापरवाही, इससे लोग सोच सकते हैं कि कैसे सुधर सकती है यातायात व्यवस्था, जब उस पर नजर रखने वाले ही गंभीर न हों।