Monday, May 20, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » प्याज को बिचौलियों द्वारा अनाधिकृत रूप से स्टोर कतई न करने दिया जाए: राजेन्द्र कुमार तिवारी

प्याज को बिचौलियों द्वारा अनाधिकृत रूप से स्टोर कतई न करने दिया जाए: राजेन्द्र कुमार तिवारी

जनता को उचित मूल्य पर प्याज उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं यथाशीघ्र सुनिश्चित कराएं: मुख्य सचिव
लखनऊ, जन सामना ब्यूरो। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी ने प्रदेश में प्याज के दामों में हो रही बढ़ोत्तरी पर नियत्रंण करने हेतु सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश की जनता को उचित मूल्य पर प्याज उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं यथाशीघ्र सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्याज की कीमतों में कमी लाने हेतु प्याज की आवक बढ़ाने हेतु सार्थक प्रयास सुनिश्चित कराएं जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को प्याज उचित दर पर उपलब्ध कराने हेतु फुटकर कीमतों पर भी विशेष नजर रखकर आवश्यक कार्यवाहियां प्राथमिकता से सुनिश्चित कराई जाएं।
मुख्य सचिव आज लोक भवन में प्रदेश में प्याज की बिक्री के दामों में हो रही वृद्धि पर नियत्रंण करने हेतु सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों की बैठक कर निर्देश दिए हैं कि प्याज के दामों में हो रही वृद्धि पर अंकुश लगाने हेतु आवश्यक कार्यवाहियां प्राथमिकता से सुनिश्चित कराई जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आ रही प्याज को बिचैलियों द्वारा अनाधिकृत रूप से स्टोर न करने देने हेतु आवश्यक कार्यवाहियां सुनिश्चित कराई जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के आम नागरिकों को उचित दर पर प्याज उपलब्ध कराने हेतु प्रदेश में प्याज की आवक मात्रा को बढ़ाने तथा प्रदेश में आ रही प्याज का विक्रय बाजार में उचित दर पर कराने हेतु सम्बन्धित अधिकारियों की जिम्मेदारी नियत की जाए।
बैठक में प्रमुख सचिव, कृषि अमित मोहन प्रसाद, खाद्य आयुक्त मनीष चौहान, निदेशक, मण्डी सहित नेफेड एवं सम्बन्धित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।