Friday, May 17, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » बिठूर में पर्यटन के विकास एवं संभावनाओं पर सीएसजेएम में हुई संगोष्ठी

बिठूर में पर्यटन के विकास एवं संभावनाओं पर सीएसजेएम में हुई संगोष्ठी

कानपुर, डॉ. दीपकुमार शुक्ल। आज छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर में कानपुर एवं बिठूर में पर्यटन के विकास एवं संभावनाओं पर चर्चा की गई। आज पर्यटन प्रबंधन के छात्र छात्राओं ने इस चर्चा का आयोजन किया। जिसमें उन्होंने मुख्य वक्ता के रूप में पर्यटन विशेषज्ञ एवं कानपुर स्मार्ट सिटी के ब्रांड एंबेसडर डॉ सुधांशु राय एवं दीनदयाल शोध केंद्र के निदेशक डॉ श्याम बाबू गुप्ता को विशिष्ट वक्ता के रूप में आमंत्रित कर चर्चा का शुभारंभ कराया। इस अवसर पर पर्यटन विशेषज्ञ डॉ सुधांशु राय ने कहा कि आज पर्यटन देश की अर्थव्यवस्था में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कानपुर में पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं जहां पर हम विभिन्न स्वरूप जैसे धार्मिक पर्यटन सांस्कृतिक पर्यटन ऐतिहासिक पर्यटन आर्टिफिशियल पर्यटन तरीकों से पर्यटन का विकास कर सकते हैं। आज जरूरत है एक ऐसे विजन को विकसित करने की। जहां पर हम वर्तमान के साथ भविष्य के लिए एक पर्यटन क्षेत्र विकसित कर सकें। बिठूर निश्चित ही एक ऐसा क्षेत्र है जो धार्मिक ऐतिहासिक पौराणिक और सांस्कृतिक पर्यटन का मिश्रण है। किसी भी क्षेत्र में पर्यटन को प्रोत्साहित करने में मेलों का एक विशेष महत्व होता है। डॉ सुधांशु राय ने बताया कि पिछले वर्ष बिठूर महोत्सव के आयोजन में उन्होंने महोत्सव को एक नया कलेवर देने की कोशिश की थी। उनका कहना है कि हर वर्ष आप कुछ नया कलेवर दें ताकि आप वहां के निवासियों और पर्यटकों को आकर्षित कर सकें। पर्यटक को हमेशा कुछ नया देखने सुनने की चाह रहती है। वहीं हमें मेलों और उत्सवों के बहाने उन्हें देने की कोशिश करनी चाहिए। उन्होंने कहा किसी भी कार्यक्रम का प्रेजेंटेशन ही उसे भव्य स्वरूप प्रदान कर सकता है। यही हमें बिठूर महोत्सव या कानपुर महोत्सव के साथ भी करना है। डॉक्टर राय ने कानपुर के लिए एक नया स्लोगन भी दिया कि कानपुर सिटी ऑफ फेयर्स यानी मेलो का शहर। डॉ सुधांशु राय ने बताया कि पिछले कई वर्षों से कानपुर एवं बिठूर में पर्यटन के विकास पर चर्चा हो रही है और इस वर्ष उनके द्वारा कानपुर नगर का एक पर्यटन ब्रॉशर भी तैयार किया गया है। जिसका बहुत जल्द ही कानपुर में विमोचन किया जाएगा। जिसके द्वारा दूर-दूर से आने वाले पर्यटकों को कानपुर नगर के बारे में सही सटीक और आकर्षित करने वाली जानकारियां प्राप्त हो सकेंगी। इसके अलावा कानपुर टूरिज्म की वेबसाइट भी बनाई जा रही है। जो कि उन्हीं के निर्देशन में बन रही है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को बिठूर में पर्यटन के विकास पर रिसर्च करने को कहा और इसी सप्ताह में बिठूर स्थल का निरीक्षण कर अपना प्रोजेक्ट बनाने को कहा और उन सभी बिंदुओं पर विशेष फोकस करने को कहा जैसे आंतरिक संरचना, आवागमन की सुविधा, सुरक्षा, ऐतिहासिक स्थल निवासियों का व्यवहार उत्सवों की रूपरेखा रहने और खाने के स्थल अन्य सुविधाएं इत्यादि। दीनदयाल शोध केंद्र के निदेशक डॉ श्याम बाबू गुप्त ने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से कानपुर में असीम संभावनाएं हैं और अगर हम सभी लोग मिलकर इसके विकास पर कार्य करें तो निश्चित ही कानपुर को पर्यटन के मानचित्र पर लाया जा सकता है। उन्होंने डॉ सुधांशु राय के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि डॉ राय एक कुशल निर्देशक है और पर्यटन के प्रति उनकी रुचि निश्चित ही कानपुर शहर को एक नई दिशा प्रदान करेगी। उन्होंने यह आश्वासन दिया कि दीनदयाल शोध केंद्र उनके इन प्रयासों में सहभागी रहेगा। इस अवसर पर पर्यटन प्रबंधन के छात्र प्रखर ने जहां सुरक्षा पर अपनी राय रखी तो वहीं हर्षिता ने आवागमन की सुविधा बढ़ाए जाने का विचार रखा। छात्र अरुण कुमार ने बिठूर क्षेत्र में वहां के निवासियों में पर्यटन के प्रति जागरूकता बढ़ाने को कहा तो वही उत्कर्ष ने पर्यटन के बढ़ने से रोजगार भी बढ़ेगा इस पर अपनी राय रखी। छात्र सनी चौहान ने एक पूरा प्रोजेक्ट बनाने को कहा जो कि पर्यटन प्रबंधन के छात्र-छात्राओं द्वारा बनाया जाएगा और प्रशासन को भी उसकी एक कॉपी दी जाएगी। छात्रा अंशिका बाजपेई ने हेरिटेज वॉक की भी राय दी जो कि बिठूर क्षेत्र में ही विकसित की जा सकती है। अंत में डॉ सुधांशु राय ने पुनः सभी छात्र-छात्राओं से कहा कि कानपुर नगर और बिठूर के लिए एक कानपुर दर्शन पर्यटन यात्रा के नाम से एक बस चलाई जायें । जोकि पर्यटकों को सुबह से शाम तक मुख्य स्थलों का भ्रमण करांए और उन्हें गाइड की भी सुविधा दी जाए। साथ ही साथ खाने-पीने का भी प्रबंध उसी पैकेज में सम्मिलित हो। जो निश्चित ही कानपुर नगर के लिए एक नई शुरुआत होगी। जिस पर सभी छात्र छात्राओं ने हामी भरी और बहुत जल्द ही इसकी शुरुआत कानपुर में अन्य संस्थाओं के सहयोग से की जाएगी। इस अवसर पर अनुष्का आयुषी अंकित इत्यादि पर्यटन प्रबंधन के छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।