Wednesday, May 15, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » मजदूरों को कराया गया क्वारंटाइन

मजदूरों को कराया गया क्वारंटाइन

फिरोजाबाद, एस. के. चित्तौड़ी। नोएडा से पैदल और साइकिल के जरिए झारखंड व बिहार जाने वाले 114 मजदूरों व टायल्स का काम करने वाले युवकों को प्रशासन ने क्वारंटाइन कराया है। उनकी स्क्रीनिंग भी कराई गई है। सीमाएं सील होने के बाद भी इतनी संख्या में लोग यहां तक कैसे पहुंचे यह सोचने का विषय है। हालांकि सुरक्षा की दृष्टि से सभी को क्वारंटाइन किया गया है। नोएडा में टायल्स और पत्थर का काम करने वाले 114 लोग बिहार और झारखंड के लिए साइकिल से निकल आए। झारखंड में रहने वाले दीनानाथ ने बताया कि बिहार और झारखंड के काफी लोग नोएडा, दिल्ली और गुड़गांव में काम करते हैं। उनके कुछ साथी पहले ही निकल गए थे। लेकिन वह नहीं निकल पाए। वह सभी साइकिल लेकर अपने घर के लिए निकल आए।
बुधवार शाम को जैसे ही यह सभी लोग टूंडला की सीमा में पहुंचे। पहले से तैनात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें रोक लिया। एसडीएम के निर्देश पर उन सभी को बीरी सिंह कॉलेज में ले जाया गया। जहां स्क्रीनिंग के बाद उन्हें क्वारंटाइन करा दिया गया। तहसीलदार डॉ0 गजेन्द्र पाल सिंह का कहना है कि लॉक डाउन के बीच यह सभी युवक यहां तक आ गए। फिलहाल इन्हें क्वारंटाइन कर जांच कराई जा रही है।