Saturday, May 18, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » एनटीपीसी ऊंचाहार में धूमधाम से मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस

एनटीपीसी ऊंचाहार में धूमधाम से मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस

रायबरेली, पवन कुमार गुप्ता। एनटीपीसी ऊंचाहार में विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के साथ धूमधाम से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। सबसे पहले क्षेत्र की महिला ग्राम प्रधानों को मानव संसाधन विभाग की प्रमुख वंदना चतुर्वेदी द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में खुर्रमपुर, पुरवारा, अरखा और रायपुर की महिला ग्राम प्रधानों ने भाग लिया और अपनी सफलता की कहानी को सबके साथ साझा किया। एनटीपीसी ऊंचाहार की महिला कर्मियों के लिए एक वेबिनार का भी आयोजन किया गया। इस वेबिनार का विषय ‘बैलेंस योर व्हील ऑफ लाइफ’ रहा। महिला कर्मियों ने इसमें बढ़चढ़कर भाग लिया और कार्यक्रम को सफल बनाया। इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण पर केन्द्रित एक फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही महिला कर्मियों और आवासीय परिसर की महिलाओं को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें मेंदाता अस्पताल की डाइटीशियन सहर खान ने बताया कि किस तरह दैनिक कार्यों में व्यस्त रहने के बावजूद भी महिलाएं अच्छी तरह से अपने स्वास्थ्य का ध्यान रख सकती हैं और अच्छा खानपान अपनाकर स्वयं व परिवार को हष्ट-पुष्ट जीवन रूपी उपहार दे सकती हैं। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर केक काटकर सभी का मुंह मीठा करवाया गया।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख कमलेश सोनी ने कहा कि मुझे इस बात की बहुत अधिक प्रसन्नता है कि समाज में महिलाएं स्वयं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए तत्पर हैं। एनटीपीसी में करियर की दृष्टि से महिलाओं के लिए समान अवसर और आगे बढ़ने की सुस्पष्ट नीति है, जिसका लाभ लेते हुए महिला कर्मचारी अपने करियर के शिखर पर पहुंच रही हैं तथा राष्ट्र को विद्युत के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में महिलाएं अपना सर्वश्रेष्ट योगदान दे रही हैं। भारतीय दर्शन में महिलाएं सनातन काल से ही आत्मसम्मान और गौरव का पर्याय रही हैं।
मानव संसाधन विभागाध्यक्ष वंदना चतुर्वेदी ने महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाओं ने विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल की हैं। एनटीपीसी को विद्युत क्षेत्र में अग्रणी बनाने में महिला कर्मियों का विशेष योगदान रहा है। हमारे देश की महिलाएं सतत रूप से सशक्त बन रही हैं। यह अत्यंत प्रसन्नता की बात है कि एनटीपीसी में महिला कर्मचारियों तथा आसपास की ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण की कार्य-योजना निरंतर चलती रहती है।
कार्यक्रम के दौरान महाप्रबंधक (अनुरक्षण) एस के झा, महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट) स्वप्न कुमार मंडल, महाप्रबंधक (ईंधन प्रबंधन) के डी यादव, महाप्रबंधक (प्रचालन) राजेश कुमार, अन्य विभागाध्यक्ष, प्रियदर्शिनी महिला क्लब की अध्यक्षा अनु सोनी, उपाध्यक्षा विद्या झा, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) अजय सिंह और वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) मेघा घई समेत अन्य महिला कर्मचारी व आवासीय परिसर की महिलाएं आदि उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन कार्यपालक (सीएसआर) श्वेता कुमारी ने किया।