Tuesday, May 7, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » तेजी से बढ़ रहा गंगा का जलस्तर

तेजी से बढ़ रहा गंगा का जलस्तर

रेत में खेती कर सब्जियां उगाने वाले किसानों पर मंडराया संकट
पवन कुमार गुप्ता, रायबरेली। गंगा नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने लगा है। बीते 24 घंटे में करीब दो फिट जलस्तर बढ़ गया है। जिससे गंगा नदी के रेत में बोई सब्जियों पर डूबने का संकट मंडराने लगा है।
बीते दिनों पहाड़ी और पश्चिमी मैदानी भाग में हुई बरसात का असर गंगा नदी के जलस्तर पर पड़ा है। पहाड़ी क्षेत्र के पानी के साथ गंगा नदी में नरौरा बैराज समेत अन्य बैराज से पानी छोड़ा गया है। जिसके कारण गंगा का जलस्तर धीरे धीरे बढ़ने लगा है। रायबरेली जनपद के गेगासों, डलमऊ, गोकना, पूरे तीर आदि घाटों पर बीते 24 घंटे के अंदर करीब दो फिट जलस्तर बढ़ गया है। जलस्तर बढ़ने के साथ गंगा नदी में काफी बड़े पैमाने पर जलीय वनस्पति भी जल के साथ बहकर आ रही है।
सब्जी उत्पादन के लिए बढ़ा खतरा:-
गर्मी के दिनों में हजारों किसान गंगा नदी के पाट की रेत पर सब्जियों की फसल बोते हैं। जिसमे तरबूज, खरबूजा जैसे फलों के अलावा कद्दू, लौकी, तरोई, करेला आदि सब्जियां भी गंगा नदी के रेत में पैदा होती है। यह सब्जियां पूरे जिले की सब्जी मंडियों में रोज पहुंचती है। गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण इन सब्जियों की पौध तक पानी पहुंच चुका है। यदि जलस्तर बढ़ने का सिलसिला जारी रहा तो एक दो दिन के अंदर सभी सब्जियां डूब जायेगी ।
बढ़ सकते हैं सब्जियों के दाम:-
गंगा नदी के रेत में पैदा होने वाली सब्जियां और मौसमी फल पूरे जिले की मंडी में जाता है। गंगा नदी के बढ़ रहे जलस्तर से सब्जियों और फलों को भारी नुकसान होने का संकट पैदा हो गया है। यदि सब्जियां डूब गई तो मंडियों से ये सब्जियां गायब होंगी ही, साथ ही अन्य सब्जियों के दाम भी बढ़ जायेंगे। इस समय शादियों का सीजन चल रहा है। जिससे मंडियों में सब्जियों की मांग भी बढ़ी हुई है। ऐसी दशा में न सिर्फ किसान अपितु आम लोगों को भी सब्जियों को लेकर परेशानी उठानी पड़ सकती है।