Monday, May 6, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » मिशन शक्ति फेज 4.0 के अंतर्गत अनंता इवेंट का भव्य आयोजन,बेटियों को सशक्त कर रहा मिशन शक्ति

मिशन शक्ति फेज 4.0 के अंतर्गत अनंता इवेंट का भव्य आयोजन,बेटियों को सशक्त कर रहा मिशन शक्ति

हाथरस। मिशन शक्ति फेज 4.0 की 100 दिवसीय कार्ययोजना के अंतर्गत जिलाधिकारी रमेश रंजन के निर्देशन में मेगा इवेंट अनंता का आयोजन बी.एल.एस. इंटरनेशनल स्कूल अलीगढ़ रोड में किया गया। जिसमें जनपद के विभिन्न विद्यालयों से स्कूली छात्राओं एवं अध्यापिकाओं द्वारा प्रतिभाग किया गया तथा जनपद में समस्त महिला अधिकारियों द्वारा अपनी सफलता की कहानी को छात्राओं से साझा किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य विकास अधिकारी साहित्य प्रकाश मिश्र ने दीप प्रज्ज्वलन करते हुए किया। समस्त विभागाध्यक्षों द्वारा सम्बंधित विभागों में संचालित योजनाओं के विषय मे बताते हुए नारी सशक्तिकरण विषय पर विस्तार से अपने विचार रखे गए।
जिला प्रोबेशन अधिकारी आर.के. सिंह ने कार्यक्रम की रूपरेखा का परिचय प्रदान किया। कार्यक्रम में पीवीएएस इंटर कॉलेज की छात्रा अंजलि पूनिया, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्रा श्रद्धा शर्मा एवं मुस्कान, सेठ हरचरणदास कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं यशिका एवं सोभी मिर्जा ने नारी सशक्तिकरण पर केंद्रित अपने विचार प्रस्तुत किये। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने मिशन शक्ति के मुख्य उद्देश्य सशक्त नारी एवं सशक्त प्रदेश के विषय में बताया तथा महिला के हितार्थ योजनाओं जैसे कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, राष्ट्रीय पोषण मिशन आदि से अधिक से अधिक महिलाओं को लाभ प्रदान करने हेतु एवं छात्राओं को निर्भीकता के साथ आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया।
जिला विकास अधिकारी ने जनसमूह को समस्त कल्याणकारी योजनाओं से अधिकाधिक लाभान्वित होने तथा समाज में अधिक से अधिक लिंगभेद को मिटाने से संबंधित सोच विकसित करने हेतु प्रेरित किया। महिला कल्याण अधिकारी मोनिका गौतम ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ वन स्टॉप सेंटर आदि विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की। संरक्षण अधिकारी विमल शर्मा ने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना की जानकारी प्रदान की। विद्यालय की कार्यवाहक प्रधानाचार्य श्रीमती अनीता सक्सैना ने बालिकाओं को उचित निर्णय लेने हेतु विभिन्न दिशा निर्देश प्रदान किए।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा शपथ दिलाई गई कि हम शपथ लेते हैं कि जन्म से पूर्व लिंग परीक्षण नहीं कराएंगे। बालक एवं बालिका में भेदभाव करने वाली सामाजिक कुरीतियों का बहिष्कार करेंगे। कन्या जन्म का स्वागत करते हुए उत्सव मनाएंगे हर एक बेटी को जीवन शिक्षा सुरक्षा स्वास्थ्य एवं गरिमा पूर्ण जीवन दिलाने में सहायक होंगे। साथ ही बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान को आगे बढ़ाने में पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने अधिकारियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर उपायुक्त राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, जिला दिव्यांग जन कल्याण अधिकारी एवं प्रोबेशन विभाग से समस्त कर्मचारी उपस्थित थे।