Sunday, May 19, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » ट्रैक्टर ट्राली पलटने से दो दर्जन से अधिक श्रद्धालुओं की मौत

ट्रैक्टर ट्राली पलटने से दो दर्जन से अधिक श्रद्धालुओं की मौत

कानपुरः अवनीश सिंह। जनपद के साढ़ थाना क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर तालाब में पलट गई। इस हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत 24 की मौत हो गई और करीब 28 लोग घायल हो गए हैं। यह आंकड़ा खबर लिखे जाने तक का है। जानकारी के अनुसार, घाटमपुर थाना क्षेत्र के कोरथा गांव के लोग बच्चे का मुंडन कराने उन्नाव स्थित चंद्रिका देवी मंदिर गए थे। वापस लौटते समय साढ़ थानाक्षेत्र के गंभीरपुर गांव के निकट एक तालाब में अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दौरान ट्राली में सवार सभी लोग ट्राली के नीचे दब गए जिसमें करीब दो दर्जन लोगों की मृत्यु हो गई। वहीं करीब दो दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं जिसमें कई की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शोक व्यक्ति किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमन्त्री अमित शाह व उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे के प्रति दुख व्यक्त किया है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को घायलों के इलाज के लिए आदेश दिए हैं। प्रधानमंत्री राहत कोष से सभी मृतकों को दो-दो लाख रुपए एवम् घायलों को 50-50 हजार की मदद को कहा गया है। घायलों का इलाज कानपुर के हैलट अस्पताल में किया जा रहा है, जिसमें कई लोगों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। शहर के सभी आलाधिकारी लाला लाजपतराय अस्पताल में घायलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।