Sunday, May 19, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा आयोजित हुआ सहभोज कार्यक्रम

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा आयोजित हुआ सहभोज कार्यक्रम

संतकबीरनगर। जिले के नाथनगर क्षेत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा सहभोज कार्यक्रम बुधवार को संपन्न हुआ। इस दौरान जिला प्रचारक राजीव नयन ने कहा कि हिंदुत्व की शक्ति भारत की शक्ति है। भारत की पहचान हमारी संस्कृति से है और हमारी संस्कृति पर कुठाराघात करने वालों के लिए हिंदुस्तान में कोई जगह नहीं है। हिंदुस्तान में रहकर जिन लोगों को जिंदाबाद और भारत माता की जय के नारे लगाने से परहेज है वह हिंदुस्तान छोड़कर जा सकते हैं, लेकिन हिंदुस्तान में रहना है तो वंदेमातरम का गान और भारत माता की जय बोलना ही होगा।
राजीव नयन ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का निर्माण राष्ट्रहित के लिए हुआ है। आरएसएस के संस्थापक डॉ. केशव राव बलिराम हेडगेवार ने अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए इस संगठन का निर्माण किया था। आज विश्व की सबसे ताकतवर बड़ी संगठन के रूप में आरएसएस की पहचान हो रही है। उन्होंने कहा कि संगठन में रहकर काम करने वाला हर एक स्वयंसेवक भारत माता की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने तक को तैयार होता है। जिला प्रचारक राजीव ने कहा कि संघ को जानने के लिए शाखा में आना होगा। शाखा में आने से शरीर स्वस्थ रहता है और मन में किसी भी प्रकार का विकार उत्पन्न नहीं होता है। उन्होंने कहा कि जब शरीर स्वस्थ रहेगा, मन स्वस्थ रहेगा तब भारत माता की रक्षा के लिए हम आगे बढ़ने में सक्षम होंगे।उन्होंने कहा कि हमें अपने इतिहास से वंचित रखा गया। पूर्व की सरकारों ने हमें अकबर महान की कहानी सुनाई, लेकिन हमारे इतिहास वीर शिवाजी, महाराणा प्रताप, लक्ष्मीबाई जैसे महान विभूतियों को हमारे दिलो-दिमाग से दूर रखा गया। उन्होंने कहा कि हमारे हिंदू राजाओं ने मुगलों के छक्के छुड़ा दिए थे और मुगलों को पीछे हटना पड़ा था, ऐसा भारत का इतिहास रहा है। राजीव नयन ने कहा कि जब जब देश पर विपत्ति आएगी तब तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारत माता को अपनी मां मानने वाला एक एक नागरिक देश की सुरक्षा के लिए खड़ा मिलेगा। कार्यक्रम में महेंद्र नारायण, आशुतोष, प्रमोद, नीलमणि, अमर राय, अशोक यादव, अटल, रामकिशुन, शत्रुघ्न, अनुभव, कृष्ण कुमार, विकास अग्रहरी, प्रदीप अग्रहरि, बृजभूषण सहित तमाम लोग मौजूद रहे।