Saturday, September 21, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » स्मार्ट बनेगी जिले की विद्युत व्यवस्था, छह सौ करोड़ से अधिक स्वीकृत

स्मार्ट बनेगी जिले की विद्युत व्यवस्था, छह सौ करोड़ से अधिक स्वीकृत

⇒1875 नए तथा 1671 ट्रांसफार्मरों की होगी क्षमता वृद्धि
⇒छूटे उपभोक्ताओं के यहां लगाए जाएंगे स्मार्ट मीटर
मथुरा: श्याम बिहारी भार्गव। जनपद की विद्युत व्यवस्था स्मार्ट होगी। छह सौ करोड़ से अधिक का बजट इसके लिए स्वीकृत हुआ है। आगामी दस वर्षों की जरूरत को ध्यान में रख कर इंफ्रास्ट्रक्चर को विकसित किया जा रहा है। अब जिले में बिजली की समस्या नहीं रहेगी। इसके लिए जिले भर में 1875 नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इतना ही नहीं 1671 पुराने ट्रांसफार्मरों की क्षमता में वृद्धि की जाएगी। इसके साथ ही स्मार्ट मीटर लगाने का भी काम किया जाएगा।
जिले की बिजली व्यवस्था को चाक चौबंद बनाने के लिए जिम्मेदारों के साथ साथ शासन भी गंभीर है। जहां शासन ने एक ओर छह सौ करोड़ से अधिक का बजट स्वीकृत किया है। वहीं अधिकारियों ने जिले भर के लोड से जूझ रहे ट्रांसफार्मरों की संख्या में वृद्धि करने का मन बना लिया है। अब शहर से लेकर गांव तक एक भी ट्रांसफार्मर ऐसा नहीं रहेगा, जिस पर लोड अधिक रहेगा। सभी ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि की जाएगी। जरूरत पड़ने पर नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार जिले भर में 1875 नए ट्रांसफार्मर लगाए जाने की तैयार शुरू हो गई है। इससे आगे आवश्यकता के अनुसार क्षमता में वृद्धि की जाएगी। वहीं पूर्व में जिले के अलग अलग हिस्सों में लगे 1671 ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि को लेकर तैयारी की गई है। अब भविष्य के दस वर्षों तक की प्लानिंग की जा रही है। वर्तमान आबादी और विद्युत कनेक्शन की संख्या को ध्यान में रखते हुए ट्रांसफार्मरों की क्षमता में वृद्धि किए जाने की तैयारी है। साथ ही जहां भी अभी स्मार्ट मीटर लगने का काम रह गया है। उन सभी उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे।
कंप्यूटराइज विद्युत मीटर तत्काल कटेगा कनेक्शन
कंप्यूटराइज विद्युत मीटर लगाने के पीछे की मंशा साफ है कि बकाया होने पर विद्युत कनेक्शन खुद व खुद कट जाएगा। किसी भी कर्मचारी को उपभोक्ता के घर यह कहने नहीं जाना पड़ेगा कि आप पर बकाया है। अभी तीन माह या फिर दस हजार रुपये बकाया मानक निर्धारित किया गया है, लेकिन आने वाले दिनों में यह एक माह का भी बकाया होने पर विद्युत कनेक्शन कट जाया करेगा।
‘‘जिले भर में विद्युत ट्रांसफार्मरों पर लोड की स्थिति बनी हुई है। शासन से जो बजट स्वीकृत हुआ है, उससे सबसे पहले ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने का काम किया जाएगा। इसके साथ ही जिले भर में 1875 नए ट्रांसफार्मर लगाने का काम किया जाएगा।’’
-सुबोध कुमार शर्मा, अधीक्षण अभियंता शहर