Saturday, September 21, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » जनवरी में हर दूसरे दिन होती रही बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़

जनवरी में हर दूसरे दिन होती रही बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़

⇒तीन जनवरी से 31 जनवरी की रात तक 14 बार हुई भिड़ंत
मथुरा: श्याम बिहारी भार्गव। नये साल में पुलिस और बदमाशों के बीच भिड़ंत का सिलसिला जारी है। जनवरी महीने में पुलिस और बदमाशों के बीच एक दर्जन से अधिक मुठभेड़ हुईं। पहली मुठभेड़ तीन जनवरी की रात को हुई थी। 31 जनवरी की रात को भी पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। थाना जमुनापार क्षेत्र में यह एक महीने के अंदर कुल 14 वीं मुठभेड़ थी। 30 जनवरी की रात को बरसाना पुलिस की फरार 15 हजार के इनामी अन्तर्राज्यीय वाहन चोर शकील पुत्र साहबुद्दीन निवासी खड़खड़ी थाना ताबडू जिला नूंह मेवात हरियाणा के साथ मुठभेड़ हुई थी। मुठभेड़ के बाद इसे दबोच लिया गया था। 28 जनवरी की रात को पुलिस की बदमाशों के साथ दो मुठभेड़ हुईं। 25 हजार के इनामी गैंगस्टर साहून और शातिर वाहन चोर सोनू को पुलिस ने इस दौरान गिरफ्तार किया। तीन जनवरी की रात को पुलिस की नए साल में पहली मुठभेड़ हुई थी। इसके बाद यह सिलसिला लगातार जारी है। 28 जनवरी की रात तक पुलिस की एक दर्जन मुठभेड़ हो चुकी थीं। फरह व सर्विलांस टीम ने इमरान पुत्र तस्लीम निवासी स्टेट बैंक वाली गली रफीक नगर कोतवाली हापुड़ को रैपुरा जाट पुल के नीचे से गिरफ्तार किया था। 21 जनवरी की रात को पुलिस की दो मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस ने सुरीर क्षेत्र से 50 हजार के इनामी अंतरराज्यीय बदमाश बग्गा सहित चार बदमाशों को पुलिस ने दबोचा। दूसरी मुठभेड़ में महावन क्षेत्र में हुई। शुक्रवार की रात को पुलिस और बदमाशों के बीच इस महीने आठवीं मुठभेड़ हुई। पुलिस ने इस बार मुठभेड़ के बाद दानवीर उर्फ दानी पुत्र अजीत निवासी कामर थाना कोसीकलां को गिरफ्तार किया है। 13 जनवरी की रात को थाना गोवर्धन पुलिस की ग्राम दौसेरस बंबा के पास हुई, यहां पुलिस ने एक बदमाश को दबोचा जबकि इस दौरान दो भाग निकले थे। आठ जनवरी की रात को थाना बलदेव पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त रहे गजेन्द्र जाट गैंग के सदस्य डंका को भरतिया के जंगल से मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। सात जनवरी को एसटीएफ और राया पुलिस ने दिल्ली में एक कंपनी के गेट से गन पॉइंट पर युवती को अगवा करने वाले फिरोज खां पुत्र सब्बीर निवासी अबुल फजल साइन बाग नई दिल्ली को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। युवती ने यमुना एक्सप्रेस वे पर कार से कूद कर अपनी जान बचाई थी। पुलिस ने नाकाबंदी कर सिरफिरे आशिक को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पांच जनवरी को क्रूजर कार चोरी कर भागे बदमाशों का वृंदावन थाने की पुलिस ने पीछा किया। पुलिस मुठभेड़ में एक चोर को गोली लगी थी। जबकि पुलिस ने कार्यवाही करते हुए दो चोरों को गिरफ्तार किया था। पांच जनवरी को ही पुलिस की दूसरी मुठभेड़ भी हुई। थाना हाईवे पुलिस की दिनदहाड़े बदमाशों से हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के गोली लगी थी। तीन जनवरी को भी पुलिस की बदमाशों के साथ मुठभेड़ हुई। बरसाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद अंतरराज्यीय गो तस्कर भोपा को दबोचा। पुलिस की गोली से रफीक उर्फ भोपा घायल हुआ था।