Friday, May 17, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » उप्र ब्रज तीर्थ विकास परिषद के भव्य रंगोत्सव में दिखीं अनूठी प्रस्तुतियां

उप्र ब्रज तीर्थ विकास परिषद के भव्य रंगोत्सव में दिखीं अनूठी प्रस्तुतियां

-भारतीय जन नाट्य संघ के कलाकारों ने प्रस्तुत किए होली के रंगारंग कार्यक्रम
मथुरा। उप्र ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा वृंदावन स्थित गीता शोध संस्थान के ओपन ऑडिटोरियम (मुक्ताकाशीय रंगमंच) पर रंगोत्सव में होली के भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। गीता शोध संस्थान एवं ब्रज संस्कृति शोध संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में भव्य ओपन ऑडिटोरियम के मंच पर तीन घंटे तक भारतीय जन नाट्य संघ (इप्टा) के कलाकारों ने डायरेक्टर देवेन्द्र पाल के निर्देशन में होली के अनूठे व भव्य कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मंच पर देवेन्द्र पाल, शैली आदि कलाकारों ने ग्रुप में गीत तोय होरी में किशोरी रंग डारेगी की प्रस्तुति दी। बीएसएनएल मथुरा में एसडीओ पद पर कार्यरत कलाकार इजी. संजीता भारती ने बरसाने गांव में अइयौ श्याम तोय होरी में मजा चखाइ दूंगी गीत गाकर दर्शकों का मन मोह लिया। रंगोत्सव के अंतर्गत कलाकार रामेश्वर दयाल शर्मा, मानसी राजपूत ने रासलीला पर समूह नृत्य किया। मुरली शर्मा व भारती शर्मा ने होली गायन, चेतना शर्मा ने कत्थक नृत्य किया। अर्चना गोस्वामी व शैली बघेल ने एकल नृत्य से माहौल को होलीमय बना दिया। भारतीय जन नाट्य संघ से जुड़े कलाकार अजय शर्मा ने कई दीपकों को हाथ में लेकर दीपक नृत्य कर दर्शकों का मन मोह लिया। मंच पर फूलों की होली, लाठी होली के मध्य राधा कृष्ण की माखन लीला प्रस्तुत किया। इस मंचन में रासलीला की झलक रही। गायन व वादन भारती शर्मा व रामेश्वर दयाल शर्मा का रहा। ब्रज संस्कृति विशेषज्ञ डा. उमेश चन्द्र शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और ब्रज संस्कृति शोध संस्थान वृंदावन के संयुक्त तत्वावधान मुक्ताकाशीय रंगमंच पर पहले दिन भारतीय जन नाट्य संघ (इप्टा) के कलाकारों ने होली नृत्य नाटिका एवं फाग गायन की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में साहित्यकार कपिल देव उपाध्याय, शिक्षाविद डॉ विनोद बनर्जी, कवि अशोक यज्ञ, ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष सत्यभान शर्मा, डा अंजू सूद, सुरेश चंद्र शर्मा आदि उपस्थित थे।