आगरा। मंडल रेल प्रबंधक आगरा तेज प्रकाश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सनत जैन की पहल पर एडवाइजर ऑर्गेनाइजेशन पुणे की स्वाति काडू एवं श्रुति गुप्ता के सहयोग से आगरा मंडल कार्यालय में कार्यरत महिला कर्मचारियों को वित्तीय शिक्षा एवं जागरुकता के लिए सेमिनार का आयोजन किया, महिलाओं को सशक्त बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज की महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। महिला सशक्तिकरण के लिए महिलाओं की वित्तीय स्वतंत्रता महत्वपूर्ण है महिलाओं को साइबर फ्रॉड से बचने के तरीके और वित्तीय शिक्षा प्रदान की।
कोतवाली में समाधान दिवस पर सुनी समस्याएं
हाथरस। एसडीएम प्रज्ञा यादव की अध्यक्षता में कोतवाली सासनी में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। थाना समाधान दिवस में कई शिकायतें दर्ज की गईं। कुछ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शनिवार को कोतवाली में लगाए गए समाधान दिवस में नगला विजैया निवासी सावित्री देवी ने शिकायत करते हुए कहा कि उन्होंने कस्बे के प्रेमपाल और फौजी ज्वेलर्स के पास सात तोला सोने के आभूषण गिरवी रखे थे। इसके एवज में उन्होंने एक लाख रुपये से अधिक की राशि ली थी। पीड़िता ने शिकायत में कहा कि ज्वेलर्स दुकान का शटर बंद कर कस्बे से फरार हो गया है। इस कारण उनकी जीवन भर की पूंजी के रूप में जमा किए गए गहने भी चले गए हैं।
महिलाऐं आज हर क्षेत्र में अग्रणी और महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैः निहारिका वर्मा
फिरोजाबाद। राष्ट्रीय संवैधानिक जागरूकता मिशन व महिला सशक्तिकरण के संयुक्त तत्वावधान में सियाराम बघेल के निज निवास सिरसाखास सिरसागंज में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में महिलाओं से जुड़ी समस्याओं एवं उनके समाधानों पर विशेष चर्चा करते हुए समाज में अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्याे से अपनी सकारात्मक व रचनात्मक भूमिका निभाते हुए देश और समाज में उम्मीदों को रोशन करने वाली महिला विभूतियों को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि मीना राजपूत पूर्व प्रदेश सदस्य महिला आयोग ने कहा कि महिलाओं और लड़कियों के लिए अधिकार सशक्तिकरण की थीम पर आज सभी महिलाओं को हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान और सम्मान देने के लिए यह दिवस मनाया जाता है। समाज में महिलाओं की भूमिका को स्वीकार करना और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करना ही महिला दिवस का उद्देश्य है। विशिष्ट अतिथि राजमती जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) ने कहा कि महिलाऐं आज हर क्षेत्र में अग्रणी और महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
लोक नृत्य गायन प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
फिरोजाबाद। संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली के सहयोग से प्रोडक्शन ग्रांट के अंतर्गत धर्मलोक कल्याण समिति द्वारा सरस्वती ज्ञान मंदिर दौकेली में लोक नृत्य गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, डाण्डिया, राजस्थानी लोकनृत्य, हरियाणवी लोकनृत्य, ब्रज लोकगीत, ब्रजहोली आदि गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ रामकैलाश यादव सदस्य, राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम, भारत सरकार ने हमारे देश की प्राचीन संस्कृति से अवगत कराया। साथ ही कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में भारतीय संस्कृति के प्रति लोगों का जागरूकता आएंगी।
दो दिवसीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता का हुआ समापन
फिरोजाबाद। महात्मा गांधी बालिका पी.जी. कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता का समापन पुरस्कार वितरण के साथ हुआ। जिसमें विभिन्न खेलों में प्रथम, द्वितीय एवं तीसरे स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियो को सम्मानित किया गया।
शनिवार को महात्मा गांधी बालिका पीजी कॉलेज में योग और शतरंज प्रतियोगिता के साथ अन्य फाइनल मुकाबले संपन्न हुए। कार्यक्रम में विजेता छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। शिक्षकों के लिए म्यूजिकल चेयर खेल का आयोजन किया गया। जिनमें प्रथम स्थान डॉ ऋचा सिंह ने प्राप्त किया। योग प्रतियोगिता में टीम पंचकन्या प्रथम, टीम योगिनी द्वितीय, योगा गर्ल्स टीम तीसरे स्थान पर रही।
महिला शक्ति ने महापौर को किया सम्मानित
फिरोजाबाद। जायंट्स ग्रुप ऑफ महिला शक्ति ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। जायंट्स ग्रुप ऑफ महिला शक्ति ने महिला दिवस के अवसर पर महापौर कामिनी राठौर को सम्मानित किया। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि महिला शक्ति के कार्याे की प्रशंसा की। इस दौरान ग्रुप की सदस्य गुंजन सिंगल, चारूल मित्तल और मोना बंसल द्वारा महिला दिवस और नारी सशक्तिकरण पर एक मन को छू लेने वाली प्रस्तुती दी। संस्था की अध्यक्षा प्राची अग्रवाल ने बताया कि महिला शक्ति में कुछ सदस्य अध्यापिकाएं है, तो कुछ डॉक्टर, ब्यूटीशियन, एस्ट्रोलॉजर हैं और कुछ घर से ही अपना ऑनलाइन सामान सेल करती हैं। किसी का बुटीक हैं तो कई आत्मनिर्भर होने के बाद निःशुल्क सेवाएँ दे रही है।
केंद्र और राज्य सरकारें महिला उत्थान के लिए कर रहीं हैं कामः धर्मवीर प्रजापति
फिरोजाबाद। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को लेकर आयोजित किए गए महिला सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में पहुंचे प्रदेश सरकार के होमगार्ड एवं कारागार मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने महिला उत्थान को लेकर किए जा रहे कार्याे की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों की अपेक्षा भाजपा सरकार ने महिलाओं को अधिक सम्मान दिया है।
होमगार्ड मंत्री धर्मवीर प्रजापति शनिवार को सिरसागंज नगर पालिका परिषद में आयोजित महिला सम्मेलन एवं सम्मान समारोह कार्यक्रम में पहुचे। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार ने महिलाओं के लिए कई योजनाएं चलाई और लाभ दिलाने का काम किया। महिलाओं के उत्थान के लिए हमारी सरकार लगातार कार्य कर रही है।
संघर्ष और चुनौतियों पर दिव्यांग महिला ने पाई विजय, शिक्षामित्र बन 20 वर्षों से कर रही अध्यापन कार्य
सलोन, रायबरेली। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय धरई में दोनों हाथों से दिव्यांग शिक्षामित्र रिजवाना बानो को आज सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि दिव्यंगता अभिशाप नहीं वरन एक चुनौती है, कड़े संघर्ष से सफलता निश्चित है।
प्राथमिक विद्यालय धरई में कार्यरत रिजवाना बानो पुत्री स्वर्गीय अजीजुर रहमान जो कि कलाई पर से दोनों हाथों से दिव्यांग हैं, बताते हैं कि वह जब 8 वर्ष की थी और कक्षा 3 में पढ़ रही थी, उसी समय उनके दोनों हाथों में चोट लगने के कारण सड़न पैदा हुई और अंत में चिकित्सा के दरम्यान उनके हाथ कलाई पर से काटे गए। परिजन बताते हैं कि बचपन से ही रिजवाना के अंदर पढ़ने की लालसा थी।
आरेडिका में मनाया गया विश्व महिला दिवस
पवन कुमार गुप्ताः रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना रायबरेली में विश्व महिला दिवस-2025 के उपलक्ष्य में 8 मार्च 2025 को महिलाओं के सशक्तिकरण पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन तकनीकी प्रशिक्षण केन्द्र में किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ आरेडिका महिला कल्याण संगठन की सदस्या पद्मश्री एवं अर्जुन आवार्डी सुधा सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस कार्यक्रम में आरेडिका में कार्यरत महिला रेल कर्मचारियों द्वारा सरस्वती वन्दना, महिलाओं के सशक्तिकरण पर वाक्, काव्यपाठ, नृत्य, गायन आदि प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया गया।
महिलाएं महिलाओं के सम्मान,बराबरी व आजादी के हक के लिए एकजुट हो रही हैः सुनैना
चकिया, चन्दौली। 8 मार्च अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस जिंदाबाद, महिला अधिकारों का संघर्ष जिंदाबाद, शिक्षा और समानता का संघर्ष जिंदाबाद, सावित्री बाई फुले व फातिमा शेख की विरासत जिंदाबाद सहित तमाम नारों के साथ अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला संगठन (एपवा) के बैनर तले महिलाओं ने चकिया नगर भ्रमण करते हुए उप जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर महिलाओं के सवालों से जुड़े 15 सूत्रीय मांगों को उपजिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित मांग पत्र सौंपा।
Read More »