Thursday, September 10, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » सौ शैया की घटना से शायद ही ले कोई सबक!

सौ शैया की घटना से शायद ही ले कोई सबक!

⇒कायाकल्प अवार्ड मिलने के बाद ही हालात ऐसे कि हो सकता था बड़ा नुकसान
चिकित्सालय की पैथोलॉजी लैब में लगी आग, मचा हड़कंप
मथुराः श्याम बिहारी भार्गव। वृंदावन के सौ शैय्या अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में आग लगने की घटना ने एक बार फिर कई सवाल खडे कर दिये हैं। इस घटना में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ लेकिन अग्निशमन विभाग और जिला प्रशासन की पिछली लम्बी कवायद की कलई जरूर खोल दी। पिछले दिनों अग्निशमन विभाग की ओर से बडे स्तर पर यह सुनिश्चित करने के लिए अभियान चलाया गया था कि बडी इमारतों में आग पर नियंत्रण पाने के लिए समुचित इंतजाम हैं अथवा नहीं। इन इमारतों में होटल, मोटल, अस्पताल, मैरिज होम, मल्टी स्टोरी बिल्डिंग आदि थे। कई को नोटिस थमाए गए थे तो कई को चेतावनी दी गई थी। सौ शैया अस्पताल की लैब में लगी आग से अस्पताल में धुआं भरने से मरीज और स्टाफ में अफरा तफरी मच गई थी। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन की घोर लापरवाही पर दमकल विभाग ने चेतावनी नोटिस जारी करने की बात कही है। कहा जा रहा है कि पैथोलॉजी लैब के एयर कंडीशन में शार्ट सर्किट से आग लग गई, लेकिन अस्पताल कर्मियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और कुछ ही देर में आसपास की मशीनों ने भी आग पकड़ ली। जिससे पूरे अस्पताल में धुंआ फैल गया। इस पर दमकल विभाग को आग लगने की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची दो दमकल गाड़ियों की मदद से विभागीय कर्मियों ने स्थिति पर काबू पाया।
दमकल विभाग के द्वारा जल्द ही आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन उन्हें हॉस्पिटल प्रबंधन की ओर से जल्दी खबर दे दी गई होती तो हॉस्पिटल परिसर का इतना नुकसान नहीं होता। उन्होंने बताया कि हॉस्पिटल प्रबंधन के पास कोई भी उचित व्यवस्था मौजूद नहीं है। हॉस्पिटल प्रबंधन की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ है। वहीं उन्होंने कहा कि हॉस्पिटल प्रबंधन के पास दमकल विभाग को सूचित करने हेतु कोई भी संपर्क नहीं था। अस्पताल प्रबंधन के द्वारा काफी देर में दमकल विभाग को सूचना दी गई और मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने जल्द ही आग पर काबू पा लिया।
-नरेंद्र प्रताप ,सीएफओ मथुरा