Wednesday, October 28, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » करवाचौथ की पूर्व संध्या पर गुलजार हुए बाजार, जमकर हुई खरीदारी

करवाचौथ की पूर्व संध्या पर गुलजार हुए बाजार, जमकर हुई खरीदारी

फिरोजाबाद। करवाचौथ के त्योहार को लेकर सुहागनगरी के बाजारों में रौनक देखने को मिली। बुधवार देर शाम तक बाजारों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ी रही। सुहागिन महिलाओं ने करवाचौथ की तैयारियों के लिए जमकर खरीदारी की। महिलाओं ने जहां हाथों में मेहंदी लगवाई और मेकअप कराया, वहीं साड़ियां, चूड़ियां, गहने और सौंदर्य प्रसाधन की भी खूब खरीदारी की। बाजारों में ग्राहकों की भीड़ देखकर दुकानदारों के चेहरे भी खिल उठे। गुरुवार को सुहाग का प्रतीक करवाचौथ का त्योहार मनाया जाएगा। इस दिन सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना करते हुए निर्जला व्रत रखेंगी। वहीं, पति भी अपनी अर्धांगिनियों को प्रसन्न करने के लिए उन्हें उपहार देंगे। त्योहार को लेकर बुधवार को शहर के शास्त्री मार्केट, सदर बाजार और चंद्रशेखर आजाद मार्केट में देर शाम तक खरीदारी का दौर चलता रहा। कपड़ा बाजार में साड़ियों की अच्छी बिक्री हुई। वहीं, करवाचौथ को लेकर शहर का कॉस्मेटिक बाजार भी गुलजार रहा। नगर के चूड़ी बाजार में दुकानों पर सजी आकर्षक डिजाइन और रंग-बिरंगी चूड़ियां महिलाओं को खूब लुभा रही हैं। महिलाएं अपनी पसंद की चूड़ियों के साथ-साथ साड़ी और अन्य सौंदर्य प्रसाधनों की खरीदारी करती नजर आईं। त्योहार के मद्देनजर बाजारों में बढ़ी चहल-पहल से व्यापारियों में भी उत्साह दिखाई दिया। देर शाम तक बाजारों में रौनक बनी रही और दुकानदार ग्राहकों को सामान बेचने में व्यस्त नजर आए।