Wednesday, October 28, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » आईवी टाइटंस ने 49 रन, जबकि पैंथर्स ने आठ विकेट से जीता मुकाबला

आईवी टाइटंस ने 49 रन, जबकि पैंथर्स ने आठ विकेट से जीता मुकाबला

फिरोजाबाद। आईवी इंटरनेशनल स्कूल में क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में आईवी टाइटंस ने आईवी चैलेंजर्स को 49 रन से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में आईवी पैंथर्स ने आईवी रॉयल्स को आठ विकेट से पराजित किया। दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह उर्फ छोटू ने फीता काटकर और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. नंदिनी यादव ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में आईवी टाइटंस के कप्तान अमन यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 12 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 128 रन बनाए। अमन यादव ने 34 गेंदों में 10 छक्कों की मदद से 94 रन की तूफानी पारी खेली। आईवी चैलेंजर्स की ओर से आयुष पाल ने तीन और वैभव यादव ने दो विकेट हासिल किए। 129 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आईवी चैलेंजर्स की टीम निर्धारित 12 ओवर में आठ विकेट खोकर 79 रन ही बना सकी। वैभव यादव ने 32 और शिवा यादव ने 10 रन बनाए। आईवी टाइटंस की ओर से प्रियांशी राजपूत ने तीन, जबकि पार्थ गुर्जर और मनु यादव ने दो-दो विकेट झटके। शानदार बल्लेबाजी के लिए अमन यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे मुकाबले में आईवी रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में सभी विकेट खोकर 92 रन बनाए। आदित्य सिंह ने पांच छक्कों की मदद से 40 रन, जबकि प्रांजल यादव ने 15 रन का योगदान दिया। आईवी पैंथर्स की ओर से ऋषभ यादव ने छह और दक्ष वर्मा ने दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आईवी पैंथर्स की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज छह ओवर में दो विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। शानदार बल्लेबाजी के लिए योगेश गुर्जर को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। मैच में अंपायर की भूमिका अंशुल उपाध्याय और अभिनव शर्मा ने निभाई, जबकि रितिक यादव ने स्कोरर की जिम्मेदारी संभाली। टूर्नामेंट के शुभारंभ पर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।