रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना, रायबरेली में महाप्रबंधक रामन कृष्णन के मार्गदर्शन एवं मुख्य राजभाषा अधिकारी ओंकार शरण सिंह के नेतृत्व में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की अर्धवार्षिक बैठक का आयोजन किया गया।
नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, रायबरेली की प्रत्येक छमाही होने वाली बैठक में नराकास, रायबरेली के केंद्र सरकार के विभिन्न कार्यालयों/बैंकों/उपक्रमों आदि के 30 कार्यालय प्रमुख और राजभाषा अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में गत छमाही राजभाषा प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में उपस्थित आरेडिका के महाप्रबंधक ने अपने संबोधन में कहा कि निश्चित रूप से नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति के गठन का मुख्य उद्देश्य यह है कि नगर के सभी केंद्रीय सरकारी कार्यालयों, उपक्रमों और बैंकों में हिंदी का प्रयोग बढ़े और राजभाषा नीति को सही ढंग से लागू किया जा सके। इसके साथ ही, हिंदी में काम करते समय आने वाली कठिनाइयों को मिल-बैठकर दूर किया जा सके।अपने संबोधन में आगे उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि यह बैठक केवल समीक्षा करने का मंच नहीं है, बल्कि यह एक ऐसा साझा मंच है, जहाँ हम एक-दूसरे के अनुभवों से सीख सकते हैं, समस्याओं का समाधान खोज सकते हैं और हिंदी में काम करने के लिए एक-दूसरे को प्रोत्साहित कर सकते हैं। हमारा उद्देश्य कमियों को गिनाना नहीं, बल्कि सभी कार्यालयों को हिंदी के प्रयोग और प्रसार के लिए आगे बढ़ाना होना चाहिए।
उन्होंने विश्वास दिलाया कि आरेडिका आगे भी राजभाषा के प्रचार-प्रसार और हिंदी में कामकाज को बढ़ावा देने के लिए पूरी तत्परता से कार्य करता रहेगा। साथ ही, हम नराकास की गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेते रहेंगे।
नराकास, रायबरेली के अध्यक्ष संजय कुमार राय ने इस छमाही आरेडिका, रायबरेली द्वारा राजभाषा संबंधी सर्वाधिक गतिविधियाँ कराने के लिए आरेडिका को धन्यवाद दिया और बैठक के सफल आयोजन पर आभार व्यक्त किया।
Jansaamna