Sunday, May 4, 2025
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » थाना लाइनपार पुलिस ने दिखाई मानवता की मिसाल

थाना लाइनपार पुलिस ने दिखाई मानवता की मिसाल

फिरोजाबाद। थाना लाइनपार पुलिस ने एक बुजुर्ग महिला को उसके परिवार से मिलवाकर मानवता की मिसाल पेश की। जानकारी के मुताबिक गश्त के दौरान पुलिस ने एक 85 वर्षीय महिला को क्षेत्र में अकेले भटकते हुए पाया। महिला बेहद परेशान थी और कुछ स्पष्ट रूप से बोल पाने में असमर्थ थी। सुनने की शक्ति भी कम होने के कारण वह ठीक से संवाद नहीं कर पा रही थी। पुलिस टीम ने संवेदनशीलता दिखाते हुए धैर्य पूर्वक पूछताछ जारी रखी। काफी प्रयासों के बाद महिला ने आगरा जिले का पता बताया और कहा कि वह रिश्तेदार के घर जाने निकली थी, लेकिन रास्ता भटक गई और कैसे आगरा से फिरोजाबाद पहुंच गई, उन्हें स्वयं भी ज्ञात नहीं। महिला ने अपना नाम किशन देवी, बेटे का नाम रीतेश, और पति का नाम शामलिया, निवासी ताजगंज, मॉक टोला, आगरा बताया। थाना लाइनपार पुलिस ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। खबर मिलते ही बेटा रीतेश आगरा से फिरोजाबाद पहुंचा। थाने में अपनी मां को सकुशल देखकर बेटे की आंखों में आंसू छलक उठे। परिजनों ने थाना प्रभारी संजुल पांडेय और पूरी पुलिस टीम का धन्यवाद किया।