Saturday, March 7, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » सीमेंट व्यापारी ने डीसीपी से लगाई गुहार, भूमाफिया को बताया जान का दुश्मन

सीमेंट व्यापारी ने डीसीपी से लगाई गुहार, भूमाफिया को बताया जान का दुश्मन

कानपुर। थाना बर्रा क्षेत्र के निवासी और सीमेंट व्यापारी प्रदीप कुमार ने क्षेत्र में सक्रिय दबंगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए डीसीपी साउथ से सुरक्षा की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि वे पिछले 25 वर्षों से बर्रा 7 में ‘गोल्डी सीमेंट ट्रेडर्स’ के नाम से दुकान संचालित कर रहे हैं, जो केडीए की भूमि पर स्थित है। प्रदीप के अनुसार, वे नियमित रूप से जीएसटी और अन्य करों का भुगतान कर रहे हैं और इस भूमि से संबंधित पत्राचार केडीए में चल रहा है। व्यापारी प्रदीप कुमार ने बताया कि बर्रा क्षेत्र के निवासी विष्णु कुमार यादव, उमेश यादव, सुरेश यादव और शिव यादव उन पर लगातार दबाव बना रहे हैं और मानसिक प्रताड़ना दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग हर महीने जबरन 20 हजार रुपये किराए की मांग करते हैं और विरोध करने पर धमकियां देते हैं। प्रदीप का कहना है कि जब उन्होंने भुगतान से इनकार किया तो आरोपियों ने कहा कि जमीन उनकी है और किराया नहीं देने पर जान-माल की हानि के लिए तैयार रहो। साथ ही अपशब्दों का प्रयोग करते हुए डराने-धमकाने लगे। प्रदीप कुमार ने पूरे मामले की लिखित शिकायत डीसीपी साउथ से की है। डीसीपी साउथ ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। व्यापारी ने प्रशासन से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।