Friday, March 6, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » जनप्रतिनिधियों ने 262 कृषक परिवारों को कृषक दुर्घटना योजना से किया लाभान्वित

जनप्रतिनिधियों ने 262 कृषक परिवारों को कृषक दुर्घटना योजना से किया लाभान्वित

फिरोजाबाद। किसानों के कल्याण के लिए समर्पित शासन एवं प्रशासन ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत 11,690 आश्रित परिवारों को 561.86 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतीकात्मक चेक भेंट कर इस योजना का शुभारंभ किया। इसी क्रम में सोमवार को फिरोजाबाद जनपद के कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक मनीष असीजा, टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर, जिलाधिकारी रमेश रंजन, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर, अपर जिलाधिकारी विशु राजा एवं अपर जिलाधिकारी नमामी गंगे ने 262 लाभार्थी परिवारों को प्रतीकात्मक सहायता राशि के चेक वितरित किए। इनमें सबसे अधिक लाभार्थी जसराना तहसील से रहे, जहां 70 परिवारों को योजना से आच्छादित किया गया। साथ ही प्रत्येक तहसील से पांच-पांच लाभार्थियों को मंच से चेक प्रदान किए गए। इस अवसर पर सदर विधायक मनीष असीजा और टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर ने कहा कि यह योजना सरकार की संवेदनशीलता और कृषकों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि शासन एवं प्रशासन इस कठिन समय में हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ा है और भविष्य में भी सभी सरकारी योजनाओं का लाभ उन्हें दिलाने के लिए तत्पर रहेगा। जिलाधिकारी रमेश रंजन ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि किसी भी कृषक परिवार में दुर्घटना होने पर तुरंत सहायता प्रदान की जाए। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे ऐसी घटनाओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए पूरी तत्परता से योजनाओं का लाभ दिलाएं, ताकि प्रभावित परिवारों की आवश्यकताएं पूरी हो सकें। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में उपस्थित जनसमूह द्वारा देखा गया।